रोहतक। दादरी से डस्ट भरकर यूपी के गाजियाबाद जा रहे ट्रक चालक व परिचालक को शुक्रवार की रात करीब एक बजे तीन बाइक सवार युवकों ने लूट लिया। आरटीए टीम के अधिकारी बनकर आए तीनों युवकों ने पहले तो ट्रक ओवरलोड बताकर कागजात की जांच की, इसके बाद पिस्तौल दिखाकर 1600 रुपये की नकदी व मोबाइल फोन छीनकर ले गए। इस संबंध में आईएमटी थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक सोनीपत जिले के गांव झुंडपुर निवासी गफ्फार ने दी शिकायत में बताया कि वह सोनीपत जिले के गांव अहमदपुर निवासी केशव के ट्रक पर डेढ़ माह से ड्राइवरी करता है। साथ ही परिचालक गांव के ही युवक हारुन के साथ दादरी भवन निर्माण सामग्री (डस्ट) लेने गया था। शुक्रवार रात करीब एक बजे डस्ट लेकर दादरी से रोहतक पहुंचा। ट्रक के टायर गर्म होने के कारण खरावड़ बाईपास के पास गाड़ी रोक दी। 10 मिनट बाद तीन युवक बाइक पर सवार होकर आए। दो कंडक्टर साइड की खिड़की में चढ़ गए, जबकि एक ड्राइवर साइड आ गया। युवकों ने कहा कि वे आरटीए की टीम से हैं। आपकी गाड़ी ओवरलोड है, कागजात दिखाओ। उसने बिल्टी के कागजात दिखा दिए। तभी एक युवक ने पिस्तौल निकाला और उससे 1600 रुपये की नकदी व परिचालक से मोबाइल फोन छीनकर लिया। जब तक वे कुछ समझ पाते तीनों बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। राहगीरों की मदद से मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन कर अज्ञात युवकों के खिलाफ लूटपाट का केस दर्ज किया।