लोन दिलाने का झांसा देकर महम की महिला से साढ़े 5 लाख रुपये ठगने के आरोप में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने जींद के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को जींद के अलेवा निवासी नरेश कुमार व रवींद्र को अदालत में पेश किया, जहां से 6 दिन के रिमांड पर लिया गया है।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि महम चौबीसी के गांव भराण की एक महिला ने जुलाई 2019 में शिकायत दी थी कि उसने फाइनेंस कंपनी से लोन लेने के लिए अप्रैल 2019 में आवेदन किया। शुरू में फाइल चार्ज के नाम पर उससे 21 हजार रुपये लिए गए। इसके बाद कभी इंश्योरेंस या अन्य कार्य के नाम पर कुल 5 लाख 50 हजार रुपये ले लिए गए। इसके पश्चात अब तक उसे कोई लोन नहीं दिया गया। जब संबंधित मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया तो फोन बंद मिले। पुलिस ने ऑनलाइन ठगी का मामला दर्ज किया, लेकिन केस अब तक अनट्रेस था। रोहतक रेंज के एडीजीपी संदीप खिरवार ने मामले की जांच साइबर क्राइम थाना टीम को सौंपी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जींद के अलेवा निवासी नरेश कुमार व रवींद्र कुमार को काबू किया। पूछताछ में पता चला है कि रवींद्र ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का सरगना है। अब पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है, आखिर ठगी के खेल में और कौन-कौन शामिल हैं।