एवीटी पुलिस ने वाहन चोरी व स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए गिरोह के तीन गुर्गों को पकड़ा है। आरोपियों से वाहन चोरी की 13 व स्नैचिंग की एक वारदात का खुलासा हुआ है। आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
एवीटी प्रभारी एसआई गोर्धन सिंह ने बताया कि शहर में सक्रिय हो रहे वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए एएसआई बलजीत चाहर के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान 25 मार्च को पुलिस ने वाहन चोरी की वारदात करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों विकास उर्फ अजगर निवासी जगदीश कॉलोनी, गुलशन निवासी रामनगर व संदीप उर्फ सन्नी निवासी बेरी गेट जिला झज्जर हाल चिन्योट कॉलोनी को गिरफ्तार किया है। 26 मार्च को तीनों आरोपियों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया। रिमांड के दौरान आरोपियों से बाइक चोरी की 12, स्कूटी चोरी व स्नैचिंग की एक-एक वारदात सहित कुल 14 वारदात का खुलासा हुआ है। आरोपियों ने 11 वारदात रोहतक में, एक वारदात झज्जर में व दो वारदात दिल्ली में की है। आरोपियों से थाना सिविल लाइन की 4, पीजीआईएमएस की 2, शिवाजी कॉलोनी की 1 व अर्बन एस्टेट की 4 वारदात कुबूली है। आरोपियों से 12 बाइक व एक स्कूटी बरामद हुई है।