नए शैक्षणिक सत्र में एमडीयू में साल भर खेल गतिविधियां होंगी। इसकी तैयारी कर ली गई गई है। एमडीयू के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने बुधवार को खेल कैलेंडर का लोकार्पण किया। उन्होंने कोरोना काल में इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए खेलों पर जोर देते हुए फिजिकल फिटनेस मंत्र भी दिया।
कुलपति ने कहा कि इस वर्ष विवि में फिजिकल फिटनेस पर फोकस रहेगा। खेलों से इम्यूनिटी बढ़ती है। कोरोना के दौर में शारीरिक गतिविधियों का विशेष महत्व है। वर्तमान समय में फिटनेस को महत्व देने की जरूरत है। फिजिकल फिटनेस से खेल का स्तर भी ऊंचा होगा। विवि खेल निदेशक एवं खेल प्रशिक्षकों से कैंपस में खेल गतिविधियां बढ़ाने व साथ ही कोरोना से बचाव के लिए सभी एहतियात बरतने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विवि के सभी खेल मैदानों के साथ रिहायशी परिसर में बने विभिन्न खेलों के मैदानों को भी दुरुस्त किया जाए। विद्यार्थियों, विवि कर्मियों एवं उनके परिजनों को खेलों से जोड़ा जाएगा। विवि खेल निदेशालय की सराहना करते हुए कुलपति ने कहा कि एमडीयू की खेलों में विशेष पहचान है। मेहनत, निष्ठा तथा निरंतर प्रयास से ही सफलता की नई ऊंचाइयों को पाया जा सकता है। विवि खेल प्रशिक्षकों एवं कर्मियों को खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही खेल मैदान में कोरोना से बचाव के लिए मास्क व उचित दूरी की अनुपालना सुनिश्चित करने की बात भी खेल प्रशिक्षकों से कही। खेल निदेशक प्रो. डीएस ढुल ने विवि में इस वर्ष आयोजित होने वाली खेल गतिविधियों की जानकारी दी। इस मौके पर कुलसचिव प्रो. गुलशन तनेजा, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एके राजन, डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. राजकुमार, खेल निदेशक डॉ. डीएस ढुल, चीफ वार्डन ब्वॉयज प्रो. रणदीप राणा, चीफ वार्डन गर्ल्स प्रो. संजू नंदा, डिप्टी डायरेक्टर खेल शकुंतला बेनीवाल, पंकज नैन समेत विवि के खेल प्रशिक्षक एवं खेल कार्यालय कर्मी उपस्थित रहे।