फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Rohtak News ›   On Mahapanchayat 19, 50 thousand farmers will gather

महापंचायत 19 को, जुटेंगे 50 हजार किसान

Sat, 17 Jul 2021 01:12 AM IST
Rohtak Bureau रोहतक ब्यूरो
Updated Sat, 17 Jul 2021 01:12 AM IST
विज्ञापन
On Mahapanchayat 19, 50 thousand farmers will gather
पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर के खिलाफ चल रहे धरने को व्यापक बनाते हुए किसान संगठनों ने 19 जुलाई को महिला न्याय महापंचायत करने का एलान किया है। संगठनों का दावा है कि इसमें 50 हजार किसान जुटाए जाएंगे। संयुक्त किसान मोर्चा का सारा शीर्ष नेतृत्व इसमें शामिल होगा।
विज्ञापन

शुक्रवार को धरनास्थल के पास मीडिया से बातचीत के दौरान डॉ. अजय बल्हारा और सुमित दलाल ने कहा कि अगर महापंचायत के बाद भी कुछ नहीं हुआ तो और पंचायतें होंगी। धीरे-धीरे किसानों की संख्या बढ़ती जाएगी। जब तक ग्रोवर माफी नहीं मांगते या उन पर मुकदमा दर्ज नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। उनके खिलाफ पुलिस को शिकायत दी गई थी, पर कार्रवाई नहीं हुई। डॉ. बल्हारा ने कहा कि ग्रोवर ने कानून की पढ़ाई की है। उसके बावजूद वह महिलाओं से सुबूत मांग रहे हैं। जबकि, अश्लीलता जैसे मामलों में महिलाओं की गवाही ही सुबूत होता है। प्रतिपक्ष को यह प्रमाणित करना होता है कि उसने ऐसा नहीं किया। संगठन इस मामले में सभी कानूनी और सामाजिक रास्तों पर विचार कर रहे हैं। हरियाणा में पंचायतों का इतिहास रहा है, माफी उसी का एक हिस्सा था। अगर भाजपा इससे सहमत नहीं है तो पर्चा दर्ज कर जांच करे। ग्रोवर द्वारा जारी कार के वीडियो पर उन्होंने कहा कि कार के घूमने तक का है। जबकि, घटना कार के घूमने के बाद हुई थी। किसान संगठनों ने पूरा वीडियो मांगा था, पर उपलब्ध नहीं करवाया गया। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को प्रशासन ने पूछा था कि कोई और विकल्प है, हमने मना कर दिया। धरने से स्थानीय लोगों को आ रही दिक्कत पर किसान नेताओं ने कहा कि प्रशासन ग्रोवर का निवास कहीं और शिफ्ट करा दे, हम धरना वहां ले जाएंगे।
विज्ञापन

बार-बार बयान बदल रहे हैं पूर्व मंत्री
डॉ. बल्हारा ने आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री ग्रोवर बार-बार बयान बदल रहे हैं। घटना के बाद किसानों ने विधायक विनोद भ्याना का घेराव किया, उन्होंने माफी मांग ली। ग्रोवर ने भी वीडियो जारी कर खेद जताया। धरने के पहले दिन वीडियो जारी कर माफी मांगी। प्रशासन की पहल पर उनका बेटा यहां आकर माफी मांगने को तैयार था, पर हमने मना कर दिया। अगले दिन बयान जारी कर कहा कि मैंने कुछ किया ही नहीं तो मैं माफी क्यों मांगू। फिर वीडियो आया कि सुबूत और चश्मदीद गवाह दो। ग्रोवर ने चंडीगढ़ में प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि वह भ्याना की गाड़ी में थे। जबकि, भ्याना पहले ही कह चुके हैं कि वह ग्रोवर की गाड़ी से उतरे थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

अनाज मंडी या हुडा पार्क में होगी महापंचायत
तमाम संगठनों के लोगों ने शुक्रवार रात को बैठक कर महापंचायत के आयोजन स्थल पर मंथन किया। डॉ. अजय बल्हारा ने बताया कि फिलहाल दो जगहें सामने आई हैं। पहला प्रयास अनाज मंडी में होगा। अगर वहां जगह नहीं मिली तो हुडा सिटी पार्क में महापंचायत हो सकती है।
और टेंट लगे, रोज बढ़ेगी संख्या
शुक्रवार देर शाम धरना स्थल पर कुछ और टेंट लगा दिए गए। क्योंकि तेज धूप के कारण प्रदर्शनकारियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी थी। डॉ. अजय बल्हारा ने कहा कि वीरवार को धरने में करीब ढाई हजार लोग थे, जो शुक्रवार को लगभग पांच हजार हो गए। शनिवार को 10 हजार का लक्ष्य है। धरने में लोगों की संख्या दिनोंदिन बढ़ेगी।
खीर बंटी, चिकित्सा जांच हुई
सुनारिया गांव के किसान वहां खीर तैयार कर धरनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने सभी प्रदर्शनकारियों को खीर खिलाई। जबकि, डॉ. राम प्रकाश ने धरने पर चिकित्सा शिविर की व्यवस्था की।
भिवानी झज्जर से भी आए किसान
धरने में भिवानी व झज्जर के किसान भी शामिल हुए। इनके अलावा मकड़ौली, मदीना, मैय्यड़, लांधड़ी, बाड़ोपट्टी, कितलाना, प्याऊ माजरा में चल रहे धरनों से किसान पहुंचे। रुहिल राठी, जाटू और 84 खाप के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। धरने को विभिन्न संगठनों, टोल प्लाजा धरनों के नेताओं ने संबोधित किया, जिनमें मुकेश खासा, हरिस्वरूप हुड्डा, ब्रह्मानंद बेरी, अभिमन्यु कोहाड़, संदीप मोखरा, विजेंद्र शर्मा, सतवीर सिंह, पूनम सूरेवाल, रणजीत पहलवान, बिजेंद्र बलियाना, सोमबीर राठी, कैप्टन शमशेर मलिक, राज सिंह धनखड़, अमर वर्मा, संजय, सुदेश गोयल, दलबीर फौजी, वीरेंद्र हुड्डा, राजू मकड़ौली, राजकुमारी दहिया, कैप्टन सतवीर सिंह, संदीप सिवाच, सुरेश मलिक, वीरेंद्र नैन, चंद्रकांता समचाना, सतबीर सिंह व प्रीत सिंह शामिल हैं।
1700 वोट पाने वाला देख रहा सीएम के सपने
भाकियू नेता गुरनाम सिंह चढूनी पर जवाबी हमला बोलते हुए पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि वह किसान नेता का चैलेंज कुबूल करते हैं। जिन लोगों ने उनकी छवि खराब करने की कोशिश की है, उन पर मानहानि का दावा ठोकेंगे।
चढूनी ने शुक्रवार को ही मीडिया से बातचीत में कहा था कि अगर ग्रोवर ने माफी नहीं मांगी तो वह उन्हें देख लेंगे। इसके बाद देर शाम ग्रोवर ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें उनके पीछे महामंडलेश्वर राघवेंद्र भारती भी बैठे हैं। ग्रोवर ने कहा कि चढूनी, नशा चढ़ा हुआ है आपको। मैं बताना चाहता हूं। जो व्यक्ति गलत करेगा हरियाणा की जनता उसे माफ नहीं करेगी। जिस तरह किसानों के मुद्दे पर जनता को गुमराह कर रखा है, जनता समझ गई है कि तुम केजरीवाल की तरह चुनाव लड़ने के चक्कर में हो। सीएम बनना चाहते हो, 1700 वोट लेने वाला चढूनी आज मुख्यमंत्री के ख्वाब देख रहा है। वीडियो की शुरुआत में ग्रोवर कहते हैं कि चढूनी जी वीडियो के माध्यम से आपने कहा कि मनीष ग्रोवर माफी मांग, नहीं तो हम देख लेंगे। चढूनी मैं उस पार्टी का वर्कर हूं, भाजपा, जो राष्ट्र की सेवा करने वाली, भारत मां की जय बोलने वाली है। जिस तरह मेरे ऊपर महिलाओं से अश्लीलता का आरोप लगा है, मेरी छवि को खराब किया। जनता के सामने यह दिखाने की कोशिश की कि मनीष ग्रोवर गुंडा-बदमाश है। मैं बताना चाहता हूं कि 1971 में जनसंघ से लेकर 2021 तक भाजपा में कई पदों पर रहे, मंत्री भी बने। इसलिए हिसार प्रकरण में उनकी छवि खराब करने की साजिश की जा रही है, ऐसे लोगों पर वह मानहानि का दावा ठोंकेंगे।

क्या ग्रोवर पर हो सकता है हमला
प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष ग्रोवर के समर्थकों ने कहा कि गुरनाम सिंह चढूनी के वीडियो के बाद आशंका है कि क्या आने वाले दिनों में ग्रोवर पर हमला हो सकता है। जिस तरह डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, सांसद सुनीता दुग्गल, बबीता फौगाट समेत दूसरे नेताओं के काफिले पर हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या चढूनी इस प्रदर्शन के बहाने माहौल खराब करना चाहते हैं। क्या वह ग्रोवर को सीधी धमकी दे रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed