नारनौल। क्षेत्र में एक बार फिर दोपहर बाद हल्की बारिश दर्ज की गई। इससे एक बार फिर तापमान में गिरावट होगी, लेकिन उमस से अभी आमजन को राहत नहीं मिल रही है। मंगलवार को नारनौल और अटेली में हल्की बारिश की गतिविधियों को दर्ज किया गया है जबकि महेंद्रगढ़, सतनाली, कनीना, नांगल चौधरी में बारिश औसत से भी कम हुई है। इस दौरान नारनौल और महेंद्रगढ़ का दिन और रात का तापमान 34.0 व 29.0 डिग्री सेल्सियस और 38.3 व 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। एक जुलाई से 30 जुलाई के दौरान जिले में कुल 207.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। जबकि जिला महेंद्रगढ़ में इस दौरान कुल 193.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज होती है जो सामान्य बारिश से 7 प्रतिशत अधिक हुई हैं। संपूर्ण इलाके में लगातार दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है, जो सामान्य से अधिक बने हुए हैं। इसके साथ लगातार कमजोर पश्चिमी दक्षिणी हवाओं से संपूर्ण इलाके में लगातार उमसभरी गर्मी से आमजन को रूबरू होना पड़ रहा है। परंतु एक बार फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि हरियाणा एनसीआर दिल्ली में लगातार मानसून कमजोर और सुस्त पड़ा हुआ है। हालांकि बुधवार को एक कम दबाव का क्षेत्र बंगाल के उत्तरी हिस्सों पर बनेगा। वहीं मंगलवार को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने से मानसून टर्फ हरियाणा एनसीआर दिल्ली पर पहुंचने से संपूर्ण इलाके में हल्की से मध्यम बारिश की 31 जुलाई से चार अगस्त के दौरान संभावना बन रही है। उन्होंने बताया कि मंगलवार से हरियाणा एनसीआर दिल्ली में लगातार मानसून हवाओं में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। जिसकी वजह से हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अनेकों स्थानों पर हल्की बारिश बूंदा-बांदी की गतिविधियों को दर्ज किया गया है। आने वाले दिनों में हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियों की संभावना बन रही है। जिसकी वजह से संपूर्ण इलाके पर भारतीय मौसम विभाग ने येलो और आरेंज अलर्ट जारी कर दिया है।