Rohtak: ड्रेन नंबर आठ के पास सीवर लाइन में मिले महिला व दो बच्चों के शव, हत्या की आशंका
पुलिस ने सड़ी गली हालत में मिले तीनों शव निकाले और पहचान के लिए पड़ोसी जिलों से संपर्क किया। पुलिस ने तीनों शवों की पहचान के लिए प्रयास तेज करते हुए जनता से सहयोग की अपील की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के रोहतक शहर के बाहर ड्रेन नंबर आठ के पास सीवर लाइन से पुलिस ने बुधवार दोपहर तीन शव बरामद किए। इनमें से एक महिला व दो बच्चे हैं। इनकी हत्या किए जाने की आशंका है। सड़ी-गली हालत में मिले शवों की पहचान नहीं हुई है। पुलिस ने इन्हें पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई के शवगृह में रखवा दिया है। गुरुवार को पीजीआई के डॉक्टरों का बोर्ड शवों का पोस्टमार्टम करेगा। इधर, पुलिस ने शवों की पहचान के लिए पड़ोसी जिलों के थानों से संपर्क कर पिछले कुछ दिनों में बच्चों समेत लापता हुई महिला की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक लोगों ने ड्रेन नंबर आठ के पास सीवर लाइन में तीव्र दुर्गंध होने पर पुलिस को इस संबंध में सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। सीवर लाइन में शव होने का पता लगने पर मजदूरों की मदद से तीनों शव बाहर निकाले। शव करीब 10 से 15 दिन पुराने होने का अंदेशा है।
सड़े गले शवों को बाहर निकालते ही पूरे इलाके में तेज दुर्गंध फैल गई। यहां खड़े लोगों व पुलिस के जवानों को मुंह पर कपड़ा रखना पड़ा। पुलिस ने शवों की पहचान का प्रयास किया, मगर कोई फायदा नहीं हुआ। शव पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई के शव गृह में रखवा दिए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक तीनों में से एक शव करीब 30 वर्षीय महिला का है। इसके शरीर पर सूट व दाएं हाथ में हरे रंग की चूड़ियां मिली हैं। दो बच्चों मेें एक लड़की बताई गई है। इनमें एक बच्चा करीब दो वर्ष व दूसरा करीब चार वर्ष होने का अनुमान है। ये शव यहां कब, कैसे पहुंचे, इस बारे में कोई नहीं जानता।
फिलहाल इन तीनों की हत्या कर शव यहां फेंक दिए जाने का अंदेशा जताया जा रहा है। पुलिस ने हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। इसी कड़ी में एफएसएल प्रभारी डॉ. सरोज दहिया को बुलाया गया। एफएसएल विशेषज्ञ ने मौके पर जांच पड़ताल कर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
लापता महिला व बच्चों का रिकॉर्ड खंगाल रही
पुलिस आसपास के इलाके में पिछले कुछ दिनों में दो बच्चों के साथ लापता हुई महिला की तलाश कर रही है। यही नहीं, पड़ोस के थानों व जिलों में भी संपर्क किया जा रहा है। जहां से शवों के संबंध में सुराग लगने की उम्मीद है। इसके बाद ही पुलिस की जांच आगे बढ़े पाएगी।
शवों की पहचान के बाद खुलेगा तीनों मौतों का राज
पुलिस के मुताबिक, सबसे पहला प्रयास शवों की पहचान करना है। इसके बाद ही इन तीनों मौतों का राज खुलने की उम्मीद है। महिला व दोनों बच्चों की जान कैसे व किन परिस्थितियों में गई, यह उनकी पहचान के बाद जुड़ने वाली कड़ियां स्पष्ट करेंगी। पुलिस इन कड़ियों को जुटाने में जुट गई है। शवों के पोस्टमार्टम से भी पुलिस को कुछ खुलासा होने की आस है।
पहचान के लिए पुलिस ने जारी किए नंबर
पुलिस ने तीनों शवों की पहचान के लिए प्रयास तेज करते हुए जनता से सहयोग की अपील की है। इसके तहत मोबाइल नंबर जारी करते हुए महिला व दो बच्चों से जुड़ी कोई भी जानकारी होने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है। इसके लिए प्रबंधक थाना शहर का मोबाइल नंबर 7082999115 व चौकी प्रभारी इंदिरा कॉलोनी 7082999134 पर संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस को सीवर लाइन में शव होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंच कर मुआयना किया गया तो तीन शव सड़ी गली हालत में मिले। ये करीब 10 दिन से ज्यादा पुराने लग रहे हैं। शवों की पहचान के लिए पुलिस ने आसपास के इलाके में पूछताछ की है। पुलिस के ग्रुप में जानकारी डालने के साथ थानों व चौकियों में भी संपर्क किया जा रहा है। जल्दी ही मामले का खुलासा किया जाएगा। -इंस्पेक्टर देशराज, प्रभारी शहर थाना