आकाशवाणी, रोहतक के पूर्व निदेशक कैलाश वर्मा ने कहा है कि कलाकार किसी धरोहर से कम नहीं हैं। उनका हौसला बढ़ाना सामूहिक जिम्मेदारी है। वह कला मंच द्वारा ग्रीन रोड पर जन्माष्टमी को लेकर आयोजित बच्चों के नृत्य-गायन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि रोहतक में हरियाणवी फिल्मों की डांस डायरेक्टर लीला सैनी, रंगमंच के प्रख्यात कलाकार विश्व दीपक त्रिखा, सुभाष नगाड़ा, रागिनी गायक गुलाब सिंह जैसे कलाकार हैं। इन कलाकारों का मनोबल और उत्साह बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी है ताकि ये आने वाली पीढ़ी को प्रशिक्षित कर सकें। लीला सैनी का इस दिशा में उल्लेखनीय योगदान है और वह अपने मंच के माध्यम से बच्चों को नृत्य का निशुल्क प्रशिक्षण दे रही हैं। कार्यक्रम में दीया ने कृष्णा पर एकल नृत्य किया। मीमांसा, मुग्धा और प्रतिज्ञा ने कथक नृत्य किया। राधा ढूंढ रही है पर अपेक्षा और प्रतिज्ञा ने नृत्य किया। जिया ने एकल नृत्य प्रस्तुत किया। मैया यशोदा गीत पर मीमांसा और मुग्धा ने नृत्य किया। कैलाश वर्मा ने प्रेम सगाई सबसे ऊंची.. भजन सुना कर लोगों को भक्ति भाव से सराबोर कर दिया। लीला सैनी ने गोकुल गढ़ से चली गुजरिया को राम.. पर प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि डीपीआरओ संजीव सैनी और पूर्व तहसीलदार शिव कुमार ने बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम में विश्व दीपक त्रिखा, गुलाब सिंह, सहायक खाद्य व आपूर्ति अधिकारी कुसुम लता, नरेश बंसल और सुभाष नगाड़ा भी मौजूद रहे।