मुख्यमंत्री उड़नदस्ता, गुप्तचर विभाग व खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. हर्ष कुमारी ने शुक्रवार को संयुक्त कार्रवाई की है। यह कार्रवाई तीनों टीमों ने दुर्गा भवन मंदिर के समीप डेयरी वाली गली, कच्चा बेरी रोड पर चलाई है।
टीम ने दुर्गा भवन के सामने पनीर, डेयरी वाली गली में रसगुल्ले, पनीर, लाल बर्फी, खोया, फीका, सफेद खोया आदि के नमूने लिए हैं। इस दुकान में एसआई सुरेंद्र कादयान ने मौके पर मिले तीन घरेलू सिलिंडर जब्त कर लिए हैं। साथ ही दुकानदार को नोटिस दिया है। यहां से टीम डेयरी वाली गली में ही एक अन्य दुकान से पनीर का सैंपल लिया है। कच्चा बेरी रोड पर डॉ. हर्ष ने पनीर के सैंपल लिए हैं। सभी दुकानों से चार-चार नमूने भरे हैं और इनको जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई होगी। जांच टीम में निरीक्षक सुलतान सिंह सीएम उड़नदस्ता भी मौजूद रहा।