Rohtak: राजेंद्रा कॉलोनी में बंद कमरे में मिला नर्स का शव, मुंह के बल गिरी मिली 25 वर्षीय कविता
कविता निजी अस्पताल में नौकरी करती थी। ट्रक चालक पति बाहर गया हुआ है। पुलिस ने शव को पीजीआई के डेड हाउस में रखवाया है। जांच अधिकारी बोले कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का राज खुल सकेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के रोहतक शहर की राजेंद्रा कॉलोनी में मंगलवार शाम पांच बजे बंद कमरे में निजी अस्पताल की नर्स का संदिग्ध हालात में शव मिला है। 25 वर्षीय कविता मूलरूप से महाराष्ट्र की रहने वाली है और लंबे समय से रोहतक में रह रही थी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला, जो दो दिन पुराना लग रहा है। अब बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद नर्स की मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
अनाज मंडी पुलिस चौकी प्रभारी राजेश ने बताया कि मंगलवार शाम को राजेंद्रा कॉलोनी से एक फोन आया, जिसमें बताया गया कि महाराष्ट्र की एक नर्स लंबे समय से किराए के कमरे में रह रही थी। कमरे के अंदर से बदबू आ रही है। साथ ही दरवाजे अंदर से बंद हैं। चौकी पुलिस फॉरेंसिक एक्सपर्ट डॉक्टर सरोज दहिया को साथ लेकर मौके पर पहुंची।
दरवाजा तोड़कर देखा तो महिला मुंह के बल पड़ी हुई थी। साथ ही फर्श पर खून फैला हुआ था। शव को पलटकर गहराई से जांच टीम ने पड़ताल की, लेकिन शरीर पर कहीं चोट के निशान नहीं मिले। साथ ही कमरे के अंदर फर्श पर ही एक गद्दा था। इसके अलावा ज्यादा सामान नहीं था।
पूछताछ करने पर पता चला कि महिला पुराने बस स्टैंड के नजदीक निजी अस्पताल में नर्स की नौकरी करती थी। उसका पति ट्रक ड्राइवर है, जो लंबे समय तक बाहर रहता है। इसके बाद पुलिस ने शव को पंचनामे के बाद पीजीआई के डेड हाउस में रखवा दिया।
प्रारंभिक जांच में लग रहा है कि नर्स की मौत गिरने से हुई है। क्योंकि दरवाजा भी अंदर से बंद था। फिर भी मृतका के पति के बयानों व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। - राजेश कुमार, चौकी प्रभारी अनाज मंडी