{"_id":"628f99114c148e76544c19ce","slug":"bjp-mp-arvind-sharma-made-many-serious-allegations-against-his-own-government-in-haryana","type":"story","status":"publish","title_hn":"Haryana: BJP सांसद ने अपनी ही सरकार पर लगाए गंभीर आरोप, बोले- प्रदेश सरकार सबूत मिटाने व खाने में माहिर, CM के लिए कही बड़ी बात","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Haryana: BJP सांसद ने अपनी ही सरकार पर लगाए गंभीर आरोप, बोले- प्रदेश सरकार सबूत मिटाने व खाने में माहिर, CM के लिए कही बड़ी बात
Thu, 26 May 2022 08:59 PM IST
भूपेंद्र सिंह
अमर उजाला ब्यूरो, रोहतक (हरियाणा)
अमर उजाला ब्यूरो, रोहतक (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Thu, 26 May 2022 08:59 PM IST
सार
भाजपा सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने रोहतक में प्रेसवार्ता में प्रदेश की भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए, वहीं देश के लिए मोदी सरकार को ही जरूरी बताया। सांसद ने ये भी कहा कि प्रदेश में अब ब्राह्मण, दलित और पिछड़े वर्ग से बनाना मुख्यमंत्री चाहिए। इसके अलावा भी सीएम व पूर्व मंत्री ग्रोवर के बारे में कई बड़ी बात कही।
विज्ञापन
प्रेसवार्ता करते रोहतक लोकसभा से सांसद डॉ. अरविंद शर्मा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
हरियाणा में हर समुदाय से मुख्यमंत्री बनाया जाए। अब ब्राह्मण, दलित व पिछड़े वर्ग को प्राथमिकता दी जाए, क्योंकि आजादी के बाद जिस समाज से मुख्यमंत्री बन चुके हैं, उनका फिर नंबर आ जाएगा। ब्राह्मण समुदाय से प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री पंडित भगवत दयाल शर्मा बने थे, जो मात्र साढ़े छह माह रहे। साथ ही 56 साल में जिस समुदाय से मुख्यमंत्री बन चुके हैं, उनका क्रमवार नंबर आ जाएगा। यह बात भाजपा सांसद डॉक्टर अरविंद शर्मा ने गुरुवार को मैना रेस्टोरेंट में मीडिया से बातचीत में कही।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार सबूत मिटाने और खाने में माहिर है। अगर मुख्यमंत्री चाहें तो दो घंटे में पहरावर की जमीन गौड़ ब्राह्मण संस्था को दे सकते हैं, लेकिन उनकी मंशा ठीक नहीं है। ऐसे में मुख्यमंत्री द्वारा सभी को न्याय देने की ली गई शपथ का उल्लंघन हो रहा है। पीएमओ कार्यालय इसकी जांच करवाए। वे इसके लिए सुबूत भी देंगे।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार योजनाएं तो बहुत लेकर आ रही है, लेकिन आम लोगों को उनका फायदा नहीं मिल रहा है। मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल कई बार बंद मिलता है। प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र में 75 प्रतिशत आरक्षण देने की योजना हकीकत में कहीं लागू नहीं हो सकी है।
विज्ञापन
राष्ट्रीय अध्यक्ष को सब पता, पर मुख्यमंत्री और पूर्व मंत्री को नहीं बर्दाश्त हूं
सांसद ने कहा कि वे पार्टी के कार्यक्रम के तहत दिल्ली गए थे, जहां उनकी मुलाकात पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से हुई थी। इस मुलाकात के बारे में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को पहले से पता था। उन्होंने केवल इतना कहा कि आपसी तालमेल होना चाहिए। एक सवाल के जवाब में सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से लेकर प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ व पार्टी को मैं पंसद हूं, लेकिन मुख्यमंत्री मनोहर लाल और पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर मुझे बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं।
फिर बहाल किया जाए ईबीपीजी कोटा
सांसद ने कहा कि प्रदेश को दोबारा ईबीपीजी (इकोनॉमिकल बैकवर्ड पर्सन्स इन जनरल) का कोटा बहाल करना चाहिए। क्योंकि इसके हटने से ब्राह्मण, पंजाबी, बनिया व राजपूत समाज सरकारी नौकरियों में अपने हक से वंचित हो गया है। 241 युवाओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है। सरकार ध्यान नहीं दे रही है।
उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश सरकार समाज का दम देखना चाहती है तो वे दम दिखाने के लिए अक्तूबर में प्रदेश स्तरीय रैली करेंगे। एक सवाल के जवाब में सांसद ने कहा कि वे 36 बिरादरी के बाद केवल अपनी मां से डरते हैं, क्योंकि पिता का देहांत हो चुका है। बाकी किसी में हिम्मत नहीं है जो उन्हें डरा सके। जहां तक नवीन जयहिंद का सवाल है तो वे उनके साथी हैं। वे अपना काम कर रहे हैं, मैं अपना। उनके सुझावों पर भी गंभीरता से अमल करेंगे।
सांसद ने सरकार से पूछा कहां गई हिंदू संस्था की 150 एकड़ जमीन
गौड़ ब्राह्मण संस्था से जुड़ी पहरावर की 15 एकड़ जमीन के बाद अब हिंदू संस्था की 150 एकड़ जमीन के लिए विवाद खड़ा हो गया है। सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने प्रदेश सरकार से पूछा है कि संस्था की कटसेरा गांव की 150 एकड़ जमीन कहां गई। इसका जवाब मिलना चाहिए।
उन्होेंने कहा कि समाज के अंदर यह बात फैलाई जा रही है कि वे पंजाबी समुदाय के विरोधी हैं, लेकिन वे बताना चाहते हैं कि सोनीपत, करनाल और रोहतक में हुई जीत में पंजाब समुदाय की अहम भूमिका रही है। वे किसी समुदाय के विरोधी नहीं हैं, बल्कि 36 बिरादरी की आवाज उठा रहे हैं। रोहतक शहर के किला रोड, रेलवे रोड व भिवानी स्टैंड पर हुई तोड़फोड़ पर सांसद ने कहा कि, अधिकारियों को यूं तोड़फोड़ का कोई अधिकार नहीं है। जब अतिक्रमण हो रहा था तब अधिकारी कहां थे। उन अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए, जिनकी अतिक्रमण रोकने की जिम्मेदारी थी। ऐसी कार्रवाई करने से पहले व्यापारियों से बातचीत करनी चाहिए थी। उनको नोटिस देकर समय दिया जाता। वे मामले को लेकर अधिकारियों से जवाब मांगेंगे। उन्होंने कहा कि सांसद के नाते उनके नेतृत्व में एक कमेटी बनाई जाएगी, जिसमें डीसी व एडीसी सहित अन्य अधिकारी भी होंगे। इसके बाद व्यापारियों से बातचीत करके कदम उठाए जाएंगे।
पूर्व मंत्री मेरा दोस्त होता तो पहरावर की चिट्ठी मिल जाती
सांसद ने एक सवाल के जवाब में कहा कि अगर पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर उनके मित्र होते तो अब तक पहरावर गांव की जमीन की चिट्ठी मिल गई होती। सांसद ने यहां तक कहा कि, एक बार केंद्रीय मंत्री तावड़े ने रोहतक जिले के अंदर विधानसभा चुनाव की संभावनाओं के बारे में पूछा था। उस समय खरकड़ा ने कहा था कि जब तक ग्रोवर रोहतक में है, तब तक कुछ नहीं हो सकता। रामअवतार वाल्मीकि भी वहीं थे।
रोहतक और झज्जर तक मेट्रो का सर्वे करवाए सरकार, अहीर रेजिमेंट का गठन किया जाए
सांसद ने कहा कि वे लंबे समय से केंद्र व राज्य सरकार से मांग कर रहे हैं कि बहादुरगढ़ से सांपला होते हुए रोहतक व ढासा बॉर्डर से बादली होते हुए झज्जर तक मेट्रो लाई जाए। इसके लिए रेलवे मंत्री से बात की थी। इसके लिए प्रदेश सरकार द्वारा सर्वे करवाया जाना था, लेकिन अब तक सर्वे शुरू नहीं किया गया। इतना ही नहीं, केंद्र सरकार से दोबारा मांग करता हूं कि अहीर रेजिमेंट का गठन किया जाए। उन्होंने सड़कों व स्कूलों की हालत व पेयजल की कमी की समस्या भी उठाई।
सांसद के सवालों का जवाब दें मुख्यमंत्री : जयहिंद
वहीं, नवीन जयहिंद का कहना है कि सरकार की ईमानदारी की पोल खुल गई है। भाजपा के ही सांसद द्वारा लगाए गए आरोपों का मुख्यमंत्री को जवाब देना चाहिए। जयहिंद ने कहा कि मुख्यमंत्री एक समाज या जाति विशेष के नहीं हैं। 36 बिरादरी की जनता ने उन्हें वोट देकर सत्ता में बैठाया हुआ है।