रेवाड़ी। शहर के रेजांगला पार्क में चित्रकारों ने पुलवामा हमले में शहीदों की याद में पेंटिंग बनाकर उनको श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान राष्ट्रीय शिक्षक अवॉर्डी राजेश कुमार ने कहा कि हमें शहीदों को कुर्बानी को कभी भूलाना नहीं चाहिए। सैनिक हमारे असली हीरो हैं। हमें इनका सम्मान करना चाहिए।
इस मौके पर चित्रकार एसके राजोतिया, अंशु शर्मा, रुचि शर्मा, कुसुम, वैशाली आर्य, प्रमिला और हर्षिता आदि ने अपनी पेंटिंग्स के माध्यम से शहीदों के शौर्य को दिखाया। हरियाणा कला यात्रा के संयोजक एसके राजोतिया ने कहा कि 14 फरवरी 2019 का दिन हमारे लिए दुर्भाग्य का दिन रहा, जिसमें आतंकवादियों ने सीआरपीएफ की टुकड़ी पर अचानक हमला बोलकर हमारे 40 सैनिकों की धोखे से जान ले ली थी। देश पर जान न्योछावर करने वाले सैनिकों पर हमें नाज है। सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. आरके जांगड़ा ने शहीदों पर बनाई पेंटिंग्स का अवलोकन करने के बाद कहा कि हमें सैनिकों का सम्मान करना चाहिए, जिनकी बदौलत आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। देश के लिए अपनी जान देने वालों को कभी भूलाना नहीं चाहिए। सारा देश वीर शहीदों को नमन करता है। इस मौके पर रमेश रोहिल्ला ने भी शहीदों को नमन किया। इस मौके पर पार्थ, आमित शर्मा, हर्षिता, लवी यादव और अंकित सिंह आदि उपस्थित थे।