इनकम टैक्स अधिकारी बता बोला- कागज दिखाओ, फिर 19 लाख रुपये और कार लूट ली
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गुरुवार अल सुबह करीब साढ़े तीन बजे खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर बदमाशों ने घी कंपनी के कारिंदों से 19 लाख की नकदी लूट ली, इतना ही बदमाश कार लेकर भी फरार हो गए। बावल थाना पुलिस ने शिकायत दर्जकर पुलिस की तीन टीमें गठित कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। देर रात तक पुलिस बदमाशों का सुराग नहीं लगा पाई थी।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार पानीपत स्थित हरियाणा एगमार्क देसी घी कंपनी के कर्मचारी दिल्ली निवासी रमाशंकर व सुनील कुमार चालक सबोली निवासी निरंजन के साथ स्विफ्ट कार में सवार होकर करीब 19 लाख रुपये की नकदी लेकर कंपनी के कार्य से जोधपुर जा रहे थे। रात को करीब तीन बजे तीनों ने हाईवे स्थित एक ढाबा पर खाना भी खाया।
खाना खाने के बाद तीनों हाईवे पर स्थित साबन फ्लाईओवर के निकट पहुंचे थे कि पीछे से एक अन्य स्विफ्ट कार ने ओवरटेक कर गाड़ी को रुकवा ली। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने जांच अधिकारी बताकर कागजात दिखाने को कहा। इसी दौरान कार चार-पांच नकाबपोश युवकों ने हथियारों के दम पर कार, नकदी, मोबाइल व अन्य कागजात भी लूट लिए।
नाकाबंदी के बाद भी नहीं लगा पता
घी कंपनी के कर्मचारियों से लूटपाट की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी लेकिन बदमाशों को कोई सुराग नीं मिल पाया है। पुलिस ने रमाशंकर की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि साबन चौक पर अनेक बार लूट व चोरी की वारदात हो चुकी हैं, बावजूद इसके जिला पुलिस हाईवे पर हो रही वारदात को रोकने में विफल रही है। करीब 10 दिन पहले भी बदमाशों ने अलवर जा रहे ट्रक चालकों से मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इतना ही नहीं हाईवे पर ही करीब सात दिन पहले मल्टी नेशनल कंपनी के जीएम के साथ मारपीट तक की जा चुकी है।
बदमाशों का जल्द लगाएंगे सुराग: एसएचओ
बावल थाना प्रभारी मदन लाल ने कहा कि पीड़ित कर्मचारियों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर बदमशों की तलाश के लिए तीन टीमों का गठन कर दिया है। जल्द बदमाशों को काबू कर लिया जाएगा।