रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में फार्मेसी विभाग के सहयोग से सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रबंधन और विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र की तरफ से विश्व स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में निशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रोफेसर सुनील कुमार, निदेशक, लोक स्वास्थ्य प्रबंधन एवं विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र ने विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाने के उद्देश्य और इसके महत्व के साथ विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए की।
इस अवसर पर अतिथि व डॉ. मोनिका ने युवाओं में कंप्यूटर विज़न सिंड्रोम और इसके प्रबंधन पर गहन चर्चा की। डॉ. मोनिका ने 20-20-20 का नियम, बार-बार पलकें झपकाना, आहार संबंधी आदतें और उचित दूरी व मुद्रा जैसे विभिन्न निवारक उपायों के बारे में बताया। इसके बाद लगभग 100 विद्यार्थियों और शिक्षकों की निशुल्क आंखों की जांच की गई, जिसमें सामान्य दृष्टि, अपवर्तक त्रुटि वाले चश्मे के नुस्खे और अस्पताल रेफर शामिल थे। विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र के समन्वयक डॉ. हेमंत कुमार सिंह यादव ने शिविर के आयोजन में सहयोग देने के लिए जगदंबा नेत्र चिकित्सालय भिवाड़ी की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. स्नेह लता, डॉ. सोनाली बत्रा, डॉ. नीता, डॉ. संजीव और अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।