रेवाड़ी। परिजनों ने दीपक की मौत के मामले में बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि आत्महत्या करने का कारण 83 लाख रुपये की लेनदारी है। कुछ लोगों पर दीपक के 83 लाख रुपये बाकी थे। इसे लेकर वह परेशान था। उधर मामले में सदर पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
मोहल्ला नई बस्ती निवासी दीपक उर्फ दीपू (40) का शव सोमवार को नया गांव दोलतपुर-डोहकी की सीमा में मिला था। उसकी कनपटी पर गोली लगी थी। शव के पास ही एक देसी पिस्तौल और उसकी स्कूटी खड़ी मिली थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। इस बीच दीपक के भाई राजेश उर्फ बाला ने बताया कि दीपक एक शख्स को 13 लाख, दूसरे को 40 लाख और तीसरे शख्स को 28 लाख रुपये दिया था और समय समय पर रुपये मांगता था। काफी समय से यह लोग उसकी रकम नहीं लौटा रहे थे। कुल 83 लाख रुपये की रकम वापस नहीं मिलने के कारण वह काफी परेशान चल रहा था, जिसकी वजह से उसने आत्महत्या कर ली। सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि दीपक की मौत मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। परिजनों ने कुछ लोगों को आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया है। जल्द ही जांच में शामिल करके आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।