कोसली। कोसली-साल्हावास रोड पर एक साल टूटी सड़क को दोबारा से बनाने की मांग को लेकर व्यापारियों ने जाम लगा दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने व्यापारियों को समझाकर जाम खुलवाया।
उल्लेखनीय है कि रेवाड़ी से साल्हावास जाने वाले मार्ग की हालत बिल्कुल खस्ता हो चुकी है। पिछले एक वर्ष से व्यापारी सड़क को दोबारा बनाने की मांग कर रहे हैं। इस मार्ग पर 100 फीट लंबा एक गहरा गड्ढा बना हुआ है। जिसमें कई बार वाहन चालक गिरकर घायल हो चुके हैं। इससे गुस्साए व्यापारियों ने शनिवार को कोसली साल्हावास मार्ग पर धनिया माइनर के समीप जाम लगा दिया तथा जिला प्रशासन व विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। एक घंटे तक लगे रहे जाम में वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम के कारण कोसली से रोहतक, झज्जर मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया। मौके पर पहुंचे कोसली सब इंस्पेक्टर रामचंद ने व्यापारियों की एसडीएम से बात करवाकर जाम खुलवाया। इस अवसर पर राज मिस्त्री, अशोक, नरेश, जोगेन्द्र सुनील, अमरजीत, राधे, मोहन, श्याम सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।