इसराना। अमेरिका के बर्मिंघम अलाबामा में 27 जून से छह जुलाई तक हुए 21 वें वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2025 के कराटे प्रतियोगिता में नौल्था की बेटी नीतू जागलान ने एकाकी व संयुक्त टीम में दो स्वर्ण पदक व दलजीत जागलान ने आर्म्स रेसलिंग में रजत पदक पर कब्जा जमा नौल्था के साथ साथ देश का नाम रोशन किया है। ग्रामीणों ने दोनों का डाहर टोल पर स्वागत किया व दोनों को रोड शो निकालते हुए नौल्था पहुंचे।
रोड शो के दौरान दोनों खिलाड़ियों ने बाबा लाठे वाले मंदिर में शीश झुका महंत नरेश पूरी महाराज से आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने नीतू जागलान के कोच आर मारी मुत्तु, दलजीत जागलान के कोच विनोद कुमार को भी सम्मानित किया। नीतू जागलान आईटीबीपी पंचकुला में बतौर कांस्टेबल कार्यरत है। इससे पहले नीतू जागलान चीन में 2019 में हुई कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक व 2023 में नीदरलैंड में हुई कराटे प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीत चुकी है। दलजीत जागलान इससे पहले वरिष्ठ नॉर्थ जोन चैंपियनशिप 2025 में स्वर्ण, 2006 व 2007 में हरियाणा नेशनल कबड्डी में कांस्य पदक जीत चुके है। दलजीत जागलान ऑल इंडिया कबड्डी में पार्टिसिपेट के हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए थे। वे अब मधुबन में बतौर एएसआई कार्यरत है। इस मौके पर चौबीसी प्रधान तेजवीर जागलान, आईटीबीपी से कमांडेंट प्रदीप कुमार, एसआई मंजीत कपूर, सरपंच बलराज जागलान, सरपंच प्रतिनिधि नीरज कौशिक, समरजीत जागलान, बलबीर जागलान, जिला पार्षद प्रतिनिधि हरेंद्र चौहान, मास्टर ईश्वर जागलान व सुखबीर जागलान शामिल रहे।