अंबाला। ऑल इंडिया गार्ड काउंसिल की केंद्रीय कार्यकारिणी के आह्वान पर बुधवार को पूरे भारत वर्ष में एक दिवसीय शांति पूर्ण धरना किया गया। इस संदर्भ में ऑल इंडिया गार्ड काउंसिल अंबाला मंडल के ट्रेन मैनेजरों (गाड़ी प्रबंधकों) के द्वारा अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन की ट्रैफिक लॉबी पर धरना दिया गया। इस धरने प्रदर्शन का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष विनय कुमार, मंडल सचिव कमल किशोर, जोनल कोषाध्यक्ष जेपी वर्मा, संगठन सचिव प्रदीप गुप्ता ने किया।
मंडल सचिव कमल किशोर ने बताया कि लंबित मांगों पर रेलवे का ध्यान आकर्षित करने के लिए यह धरना प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने बताया कि लंबित मांगों में ट्रेन मैनेजरों को आठवें पे कमीशन में उचित वेतनमान देना सुनिश्चित किया जाए, रनिंग एलाउंस में एक जनवरी से सभी रेलवे कर्मचारियों के टीए/डीए के बराबर 25 प्रतिशत की वृद्धि की जाए, सभी ट्रेन मैनेजरों को एमएसीपी का लाभ दिया जाए, केंद्रीय सिविल सेवाओं (एनपीएस/यूपीएस) को रद करके पुरानी पेंशन लागू की जाए, रेलवे बोर्ड के सेफ्टी निदेशालय की शक्तियों को पुन: स्थापित किया जाए, रेलवे बोर्ड द्वारा 24 जनवरी को जारी जेपीओ से संबंधित आदेश को निरस्त किया जाए और ट्रेन मैनेजरों के रिक्त पदों को रिक्त भरा जाए, इसके अलावा किलोमीटर भत्तों की आयकर छूट को बढ़ाया जाए और ट्रेन काउंसलर की नियुक्ति की जाए। इस दौरान मंडल की पांचों शाखाओं से के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।