सेक्टर 29 थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान विजय नगर निवासी शुभम, हरि सिंह कॉलोनी निवासी प्रिंस और तरुण निवासी सौंधापुर के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से स्नैचिंग किए दो फोन, 2300 रुपये और वारदात में प्रयोग ऑटो बरामद किए। शनिवार को तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। सेक्टर-29 थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि बबैल नाका पर नाकाबंदी कर उनकी टीम संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों पर नजर रखे हुए थी। इसी बीच सनौली की तरफ से एक थ्री व्हीलर ऑटो आता दिखा। ऑटो को रुकवा कर ऑटो में सवार तीन युवकों से पूछताछ की तो उन्होंने अपनी पहचान शुभम, प्रिंस और तरुण के रूप में बताई। शक के आधार पर युवकों से गहनता से पूछताछ की तो तीनों ने बीते मंगलवार 18 मई की शाम सिवाह गढ़ी नर्सरी के पास साइकिल सवार युवक के साथ मारपीट कर उससे करीब 3 हजार रुपये, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड छीनने की वारदात का खुलासा किया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित दीपक निवासी गांव सिवाह की शिकायत पर 18 मई को रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपियों की धरपकड़ में जुट गई थी। गिरफ्तार तीनों आरोपियों से लूटी गई नकदी में से बची 23 रुपये नकदी, वारदात में प्रयोग ऑटो और दोनों मोबाइल फोन को बरामद कर लिया है।