बापौली (पानीपत)। गांव छाजपुर खुर्द स्थित पानी की बड़ी टंकी पर शुक्रवार सुबह एक सांड़ चढ़ गया। उसे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद नीचे उतारा। इस घटना की सूचना मिलते ही एएसपी सहित पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे।
गांव छाजपुर खुर्द स्थित पानी की बड़ी टंकी पर सीढ़ियों के रास्ते से वीरवार रात एक सांड़ ऊपर चढ़ गया। सुबह ग्रामीणों ने सांड़ को टंकी पर चढ़े देखा तो इसकी सूचना अन्य गांव वालों को दी गई। वहां भीड़ लग गई। एएसपी पूजा वशिष्ठ, पब्लिक हेल्थ विभाग से क्षेत्र के एसडीओ सूबेसिंह, बीडीपीओ पूनम चंदा, ट्यूबवेल ऑपरेटर यूनियन के ब्लॉक प्रधान महाबीर कपूर, ऑपरेटर बलराज, कुलदीप, तेजपाल, बलविंद्र व प्रमोद भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों ने रस्सियों के सहारे कड़ी मशक्त कर सांड़ को सीढ़ियों के रास्ते नीचे उतारा। सांड़ को नीचे उतरने में ग्रामीणों को करीब तीन घंटे का वक्त लगा।