डाहर टोल प्लाजा पर शुक्रवार को भारी तादाद में ट्रैक्टरों के साथ पहुंचे किसानों ने डाहर टोल को 24 घंटे बाद फिर से फ्री करा दिया। डाहर टोल पर किसानों के पहुंचने की सूचना पहले से ही पुलिस को मिल गई थी। किसानों के पहुंचने से पहले ही भारी पुलिस बल की टोल पर तैनाती कर दी गई। मौके पर बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार सिराज खान, दो डीएसपी संदीप कुमार व ओम प्रकाश व थाना प्रभारी नरेंद्र मलिक भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
करीब 10 बजकर 40 मिनट पर भारी तादाद में किसान ट्रैक्टरों पर सवार होकर टोल पर पहुंच गए। टोल पर किसानों ने राकेश टिकैत के पक्ष व सरकार के खिलाफ जम कर नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यवान नरवाल ने धरने पर बैठे किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार किसान आंदोलन को षड्यंत्र के तहत बदनाम कर तोड़ने की साजिश रच रही है। पहले रची साजिश बेनकाब हो चुकी है। किसानों को किसी के बहकावे में नहीं आना है व न ही गुमराह होना है। आंदोलन शांति पूर्वक चलाना है। सरकार को झुकना पड़ेगा व अंत मे जीत अन्नदाता की होगी। उन्होंने कहा कि टोल पर किसानों की निगरानी समिति का धरना जारी रहेगा। शनिवार की धरना स्थल पर सभी ने विरोध स्वरूप उपवास रखना है। उन्होंने किसानों से ज्यादा से ज्यादा तादाद में दिल्ली बॉर्डर पर चल रहे धरनों पर पहुंचने का आह्वान किया। इससे पूर्व भाकियू के जिला प्रधान कुलदीप बलाना ने किसानों व टोल प्रबंधन से बात कर धरना शांति पूर्वक चलाने की बात कही। किसानों से शांति बनाए रखने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि कृषि कानूनों के विरोध में धरना जारी रहेगा।