दोस्त की लड़ाई में बचाने पहुंचा युवक, आरोपियों ने बेल्ट से पीटा, सीने में चाकू मारकर हत्या की
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के पानीपत के हरि सिंह चौक पर रविवार रात डेढ़ बजे एक युवक के साथ कुछ युवक पुरानी रंजिश के तहत मारपीट कर रहे थे। इसी बीच युवक का दोस्त बीच बचाव करने के लिए आया तो आरोपियों ने युवक को छोड़ दिया और दोस्त को पकड़कर पहले बेल्ट से पीटा और फिर चाकू से गोदकर हत्या कर दी।
युवक के सीने, पेट, कमर समेत चार जगह पर चाकुओं से वार किए गए। मृतक का भाई वारदात से 50 मीटर दूर था लेकिन जब तक वह दौड़कर पहुंचा तब तक देर हो चुकी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
वधावाराम कॉलोनी निवासी विकास उर्फ विक्की पुत्र राजकपूर ने बताया कि वह और उसका छोटा भाई अंकित (21) दोनों बाइक पर सवार होकर रात एक बजे हनुमान सभा देखने के लिए हरि सिंह चौक पर गए थे। जहां उनका चचेरे भाई संदीप भी मौजूद था। हनुमान सभा में करीब डेढ़ बजे उन्हें बबलू मिला, जिसके साथ जयनारायण उर्फ गोली निवासी हरि सिंह कॉलोनी, विशाल निवासी विजय नगर व अन्य युवक हाथापाई कर रहे थे। छोटा भाई अंकित उन्हें छुड़वाने के लिए गया।
वह और चचेरा भाई बाइक पर बैठे रहे। इसके बाद गोली व विशाल ने बबूल को छोड़कर अंकित को पकड़ लिया। आरोपी विशाल ने अंकित को बेल्ट से पीटा और गोली ने चाकू से वारकर घायल कर दिया। इसी बीच वह दौड़कर भाई तक पहुंचे तो आरोपी मौके से भाग गए। भाई बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। उसे सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अंकित के भाई विकास ने बताया कि बीच बचाव करते समय गोली ने चाकू निकाला तो बबलू अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। उसने अंकित को बचाने का कोई प्रयास नहीं किया।
बबलू पर किए थे ईंट से अज्ञात ने वार, नाम पूछने पर हुई थी हाथापाई शुरू
बबलू ने बताया कि वह 15 दिन पहले हनुमान सभा के साथ हनुमान स्वरूप लेने के लिए गया था। वापस आते समय उसका पैर सभा के ही एक सदस्य को लग गया था। जिसने इसी रंजिश में उसके सिर पर ईंट से वार कर घायल कर दिया था। वहीं दशहरे के दिन भी वह हनुमान स्वरूप के साथ चल रहा था, तभी किसी अज्ञात ने उस पर ईंट से वार किया। देर रात डेढ़ बजे उसने गोली व विशाल से ईंट फेंकने वाले आरोपियों का नाम पूछा तो वह तैश में आ गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी समय अंकित बीच में आया था।
सीसीटीवी फुटेज डिलीट कराने गया आरोपियों का परिवार
विकास ने बताया कि हरि सिंह चौक के पास एक दुकान लगे सीसीटीवी में वारदात की फुटेज कैद है। जिसकी सूचना आरोपी गोली व विशाल के परिवार को लगी तो वह फुटेज डिलीट कराने के लिए मौके पर पहुंचे। जिसकी भनक मृतक के परिवार को लगी तो वह भी मौके पर पहुंच गए और फुटेज डिलीट होने से बचा ली। परिजनों ने फुटेज अपने फोन में रिकॉर्ड कर ली।
छह माह की प्रीमैच्योर डिलिवरी में बच्ची की हो गई थी मौत
मृतक अंकित के पिता राजकपूर ने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं, बड़ी बेटी सोनिया, फिर विकास और सबसे छोटा अंकित है। अंकित गाड़ी चलाता था। उसकी दिसंबर माह में प्रीती नामक लड़की से शादी हुई थी लेकिन प्रीमैच्योर डिलीवर में छह माह की बच्ची की पैदा होते ही मौत हो गई थी।
पिता ने बताया कि चार दिन से उसकी पत्नी गीता पत्थरी की वजह से रोहतक पीजीआई में भर्ती थी। पत्नी दशहरे पर बच्चों से मिलने की जिद्द कर रही थी। जिसके बाद वह छुट्टी कराकर लाया था लेकिन जब वह घर पहुंचे तो दोनों बेटे नहीं थे। देर रात दो बजे सूचना मिली की बेटे अंकित की चाकू मारकर हत्या कर दी है। पत्नी बेटे का चेहरा नहीं देख पाई। 28 अक्तूबर को उनका पथरी का ऑपरेशन है।
पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं लेकिन पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है। परिजन जिद्द पर अड़ गए थे कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती तब तक वह शव नहीं लेंगे लेकिन थाना प्रभारी के आश्वासन पर परिजनों ने पोस्टमार्टम कराया और आगामी कार्रवाई शुरू कराई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने परिजनों के बयान पर गोली, विशाल व तीन से चार अन्य के खिलाफ 302, 148, 149 व 506 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ में जुटी हुई है। इंस्पेक्टर दलबीर सिंह, किला थाना प्रभारी