Panipat: पत्नी की रॉड से हत्या के दोषी पति को उम्रकैद, किराएदार से अवैध संबंध के शक में की थी वारदात
विद्यानंद कॉलोनी में वर्ष 2021 में पत्नी की हत्या की गई थी। छत से गिरने की कहानी बनाकर अंतिम संस्कार कर दिया था। एफएसएल ने मौके से खून से सने माला के मोती, खून वाली मिट्टी, नाक की तिल्ली और प्लाई का टुकड़ा बरामद किया था, जिससे परतें खुलती गईं।
विस्तार
हरियाणा के पानीपत की विद्यानंद कॉलोनी में 18 अगस्त 2021 को किराएदार के साथ अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या करने वाले पति मुकेश को दोषी करार देते हुए अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। यह फैसला अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार वर्मा की अदालत ने सुनाया है। दोषी पर 35 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया गया है, जुर्माना न भरने पर दोषी को छह माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।
अतिरिक्त जिला न्यायावादी कुलदीप ढुल ने बताया कि आरोपी पति मुकेश ने हत्या के बाद सभी सबूत मिटा दिए थे। पत्नी के मायके पक्ष को बिना सूचना दिए ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया था। मृतका के भाई ने चांदनीबाग थाना पुलिस को जीजा मुकेश पर हत्या का शक जाहिर करते हुए शिकायत दी थी।
पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ आरोपी मुकेश के घर जाकर जांच की। एफएसएल टीम को मौके से खून वाली मिट्टी, टूटे हुई माला के मोती, नाक की तिल्ली और प्लाई का टुकड़ा बरामद किया। जो सभी खून से सने हुए थे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पति ने हत्या की वारदात को कबूला।
पति ने बताया कि उसके पास दो मकान है। एक मकान में वह रहता है, दूसरे मकान में किराएदार अपनी पत्नी के साथ रहता था। उसकी पत्नी के किराएदार के साथ अवैध संबंध बन गए। उसने कई बार मना किया, पंचायत की, लेकिन वह नहीं मानी। जिसके बाद उसने मन में रंजिश रख ली। 17 अगस्त की रात को वह पत्नी के साथ छत पर सो रहा था।
रात करीब दो बजे उसकी आंख खुली तो पत्नी साथ नहीं थी, नीचे जाकर देखा तो पत्नी किराएदार के साथ नीचे कमरे में थी। किराएदार उसे देखते ही छत कूदकर भाग गया। जबकि पत्नी छत पर आ गई। वह नीचे से मौमदस्ता की रॉड लेकर आया और उसने पत्नी के सिर पर वार कर दिया। उसके बाद पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी।
सबूत मिटाने के लिए यह प्रयास किए
दोषी मुकेश ने सबूत मिटाने के लिए छत पर लगे खून के धब्बों को कपड़े से साफ कर दिया और उसके बाद छत को पानी से साफ कर दिया। लोगों को गुमराह करने के लिए उसने पत्नी को छत से नीचे धक्का दे दिया। अपने घरवालों और आस पड़ोस के लोगों को बताया कि उसकी छत से गिरकर मौत हुई। पत्नी की हत्या का ससुराल पक्ष को पता ना लग जाए, इसलिए उसने इससे पहले ही शव को खुर्द-बुर्द करने के लिए कुटानी रोड श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कर दिया था। जिसके बाद उसने पत्नी के भाई को मौत की सूचना दी।
पुलिस ने यह जुटाए सबूत, जिन्होंने उम्रकैद की सजा दिलाई
पूछताछ में दोषी मुकेश ने बताया कि उसने मौमदस्ता की रॉड, खून साफ करने वाले कपड़े और शमशान घाट में संस्कार के बाद मिली रसीद उसने किराए के कमरे में कूलर के नीचे पॉलिथीन में छिपा रखे हैं। मुकेश की निशानदेही पर पुलिस ने किराए के कमरे से सामान बरामद किया। 24 अगस्त को जेल भेज दिया। अब अदालत ने इन्हीं सबूतों के आधार पर दोषी करार देते हुए उसे उम्रकैद की सजा सुनाई।