{"_id":"647f914a8d4d5575fb0b74c7","slug":"two-coaches-reached-kalka-for-trial-soon-two-more-coaches-will-also-reach-pkl-office-news-c-87-1-spkl1017-987-2023-06-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"Panchkula News: ट्रायल के लिए कालका पहुंचे दो कोच, जल्द ही दो और कोच भी पहुंचेंगे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Panchkula News: ट्रायल के लिए कालका पहुंचे दो कोच, जल्द ही दो और कोच भी पहुंचेंगे
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी कालका। हेरिटेज ट्रैक पर ट्रायल के लिए मंगलवार को दो पैनोरमिक कोच कालका पहुंच गए हैं। 14 टायरों वाले ट्राले पर पहुंचे दोनों कोचों को क्रेनों की सहायता से उतारा गया। कोचों को सफेद रंग की चादर से कवर किया हुआ था। कोचों को उतारने के दौरान रेलवे गेटों को दोनों तरफ से बंद कर दिया गया था। जानकारी के अनुसार जो दो कोच कालका पहुंचे हैं, उनमें से एक एसी एग्जीक्यूटिव चेयरकार और दूसरा एसी चेयरकार है।
रेलवे सूूत्रों के अनुसार दो और कोच आगामी शुक्रवार को कालका पहुंच जाएंगे। इसके एक सप्ताह के भीतर ही आरडीएसओ की टीम भी ट्रायल के लिए कालका पहुंच जाएगी। इसके बाद कालका-शिमला रेलमार्ग पर इन कोचों का ऑसीलेशन ट्रायल होगा। इन कोचों को निर्माण रेल कोच फैक्टरी कपूरथला में तैयार किया गया है। ट्रायल के लिए तैयार डिब्बों में एक एसी एग्जीक्यूटिव चेयरकार, दूसरा एसी चेयरकार, तीसरा नान एसी चेयरकार और चौथा लगेज कार शामिल है। वहीं ट्रायल के नतिजों के आधार पर ही इन सात डिब्बों के रैक को कालका-शिमला रेलमार्ग पर यात्रियों के लिए चलाया जाएगा।
विज्ञापन
शेलो का ट्रायल हो चुका है सफल
इससे पहले दिसंबर 2022 में दो शेल यानी खाली कोचों का ट्रायल किया गया था। इसमें सीटें नहीं थीं, मात्र ढांचे को ही कालका-शिमला सेक्शन पर दौड़ाया गया था। अब पूरी सुख-सुविधाओं से सुसज्जित जो चार कोच तैयार किए जा चुके हैं, उनका आरडीएसओ की टीम ऑसीलेशन ट्रायल करेगी। लाल रंग और बड़ी-बड़ी शीशे की खिड़कियों वाले यह कोच देखने में जितने आकर्षक हैं, उतने ही सुविधाओं में भी बेहतर हैं।
विज्ञापन
रेल मंत्री ने किया था ट्वीट
गत दिनों केंद्रीय रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव ने पैनोरमिक कोच की फोटो अपने ट्वीटर हैंडल पर शेयर की थी। ट्वीट कर लिखा है, गेस द ट्रेन, हिंट : जैक एंड जिल वेंट अप द हिल। रेलमंत्री के ट्वीट पर लोग जमकर कोच की तारीफ कर रहे हैं। कोई इसे दार्जलिंग रेलवे तो कोई मिनी वंदे भारत कह रहा है।