पंजाब के खेल मंत्री परगट सिंह ने प्रांतीय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले सूबे के खिलाड़ियों और कोचों के बीते दो वर्षों से रुके नकद इनाम जारी करने को मंजूरी दे दी है। वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए 3000 से अधिक खिलाड़ियों को 11 करोड़ रुपये से अधिक की इनाम राशि दी जाएगी।
यह फैसला सोमवार को पंजाब भवन में अवार्ड संबंधी कमेटी की खेल मंत्री की अध्यक्षता में हुई मीटिंग में लिया गया।
इस मीटिंग में खेल विभाग के सचिव अजोए शर्मा, डायरेक्टर परमिंदर सिंह, पंजाब ओलंपिक ऐसोसिएशन के सचिव जनरल राजा केएस सिद्धू, खेल माहिर के तौर पर कमेटी के सदस्य अर्जुन अवार्डी कर्नल बलबीर सिंह और जयपाल सिंह और स्पोर्ट्स अथारिटी आफ इंडिया के डिप्टी डायरेक्टर भूपिंदर सिंह शामिल हुए। मीटिंग के बाद जारी बयान में परगट सिंह ने कहा कि विभिन्न खेलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पदक जीतने वाले खिलाड़ियों और कोचों को खेल नीति के तहत नकद इनाम राशि से सम्मानित करने के लिए राज्य सरकार वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से रुके अवार्ड एक माह में दिए जाएंगे और इस संबंध में सूची अगले कुछ दिनों में फाइनल कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018-19 के लिए 1000 से अधिक खिलाड़ियों और कोचों तथा वर्ष 2019-20 के लिए 2000 से अधिक खिलाड़ियों और कोचों को नकद इनाम दिए जाएंगे।