हरियाणा: पत्रकारों को मिलेगा कैशलेस बीमा योजना का लाभ, महाराजा अग्रसेन के नाम पर होगा हिसार एयरपोर्ट
हरियाणा सरकार ने हिसार एयरपोर्ट का नाम महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखने की घोषणा की। अग्रोहा विकास ट्रस्ट अग्रोहा धाम के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि एयरपोर्ट का नाम महाराजा अग्रसेन के नाम से रखने की घोषणा करना सराहनीय कदम है। उन्होंने सरकार से अग्रोहा को पर्यटन स्थल बनाने की मांग की है।
विस्तार
हरियाणा में कर्मचारियाें की तर्ज पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों को स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को यह सौगात दी। मुख्यमंत्री ने यहां आयुष्मान भारत बीमा योजना एवं अन्य स्वास्थ्य बीमा योजनाओं की समीक्षा बैठक ली।
उन्होंने कर्मचारियों एवं पेंशनर्स को स्वास्थ्य बीमा योजना में कैशलेस सुविधा प्रदान करने को भी हरी झंडी दी। समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज वीसी के माध्यम से जुडे़।
बैठक में आजाद हिंद फौज के सेनानियों, आपातकाल के दौरान जेल में रहे लोगों, हिंदी आंदोलन में शामिल लोगों एवं द्वितीय विश्व युद्ध के बंदियों, उनके आश्रितों को भी सरकारी कर्मचारियों की तर्ज पर कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ देने का निर्णय लिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विमुक्त घुमंतु जाति, मुख्यमंत्री परिवार समृद्वि योजना के लाभार्थियों एवं निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों को भी आयुष्मान भारत बीमा योजना में कवर किया जाएगा। इसके साथ ही नंबरदारों, चौकीदारों, आशा वर्कर, आंगनवाड़ी वर्कर, मनरेगा मजदूरों, स्ट्रीट वेंडरों, रिक्शा चालक, आटो चालक के परिवारों को भी आयुष्मान भारत योजना में शामिल करेंगे, बशर्ते उनकी पारिवारिक वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये तक हो और 5 एकड़ से अधिक भूमि न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के लागू होने के बाद हरियाणा में 27 लाख परिवार लाभान्वित होंगे। सभी को परिवार पहचान पत्र के साथ लिंक करने के बाद कार्ड जारी किए जाएंगे।
महाराजा अग्रसेन के नाम पर होगा हिसार एयरपोर्ट का नामकरण
हिसार एयरपोर्ट का नामकरण महाराजा अग्रसेन के नाम पर होगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को चंडीगढ़ में इसकी घोषणा की। हिसार वासियों और वैश्य समाज के लिए प्रदेश सरकार का यह बड़ा तोहफा है।
हिसार एयरपोर्ट का नाम महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखने की लंबे समय से मांग चल रही थी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल से वैश्य समाज के प्रतिनिधिमंडल भी मिले थे। उनकी मांग पर विचार करते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया है।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश प्रभारी एवं मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन व अग्रोहा विकास ट्रस्ट अग्रोहा धाम के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने मुख्यमंत्री की घोषणा का स्वागत करते हुए इसे सराहनीय कदम बताया है।
जैन ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार जताते हुए कहा कि महाराजा अग्रसेन का पूरा जीवन वैश्विक स्तर पर हरियाणा को सामाजिक और साहित्यिक तौर पर उत्थान देने वाला रहा है। अग्रोहा धाम से लेकर प्रदेश के हर कोने में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के इस निर्णय को लेकर खुशी की लहर है।