चंडीगढ़। स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटारूचक्क, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह की उपस्थिति में नगर निकायों के अधिकारियों के साथ एक बैठक की। बैठक में उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन, अमृत मिशन, 15वें वित्त आयोग आदि योजनाओं के तहत चल रही परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी ली और निर्देश दिया कि विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने के साथ ही गुणवत्ता का भी ध्यान रखा जाए। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जिन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का डीपीआर कार्य पूरा हो चुका है, उनके टेंडर जल्द से जल्द जारी कर काम शुरू किया जाए। जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर सीवरेज और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए पंचायत भूमि की पहचान जल्द करवाई जाए। यदि कहीं पंचायत भूमि उपलब्ध न हो, तो जिला प्रशासन से तालमेल करके निजी भूमि का चयन कर सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार भूमि दर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कहीं पर भी कचरे के ढेर नहीं होने चाहिए। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और उचित निपटान पर विशेष ध्यान दिया जाए।
डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि विकास कार्यों के लिए सरकार के पास फंड की कोई कमी नहीं है। यदि किसी शहरी स्थानीय इकाई को अन्य कार्यों के लिए फंड की आवश्यकता हो, तो प्रस्ताव तैयार करके मुख्य कार्यालय को भेजी जाए। इस अवसर पर बैठक में विधायकों में एसएस आहलूवालिया, गुरदेव सिंह मान, गुरलाल घनौर, अजीत पाल सिंह कोहली समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।