पंचकूला। सेक्टर-27 स्थित आईसीआईसीआई बैंक में सोमवार रात एक अज्ञात व्यक्ति ने चोरी की नाकाम कोशिश की। आरोपी बैंक के पीछे वाले शटर को काटकर अंदर घुसा और बेसमेंट में बने स्ट्रॉन्ग रूम की दीवार ड्रिल मशीन से तोडऩे की कोशिश कर रहा था। बैंक की सुरक्षा व्यवस्था और चौकसी के कारण चोरी की वारदात को अंजाम नहीं दे सका। बैंक मैनेजर की शिकायत पर चंडीमंदिर थाने में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसा बैंक के सिक्योरिटी गार्ड ओमपाल ने सोमवार रात करीब 11:50 बजे बैंक के अंदर से ड्रिल मशीन चलने की आवाज सुनी और तुरंत जोनल सिक्योरिटी मैनेजर तथा कंट्रोल रूम को सूचित किया। सूचना पाकर डिप्टी मैनेजर साहिल और पुलिस मौके पर पहुंचे। जब बैंक का शटर खोला गया तो पाया गया कि बेसमेंट में बने स्ट्रॉन्ग रूम की दीवार को किसी ने ड्रिल मशीन से तोडऩे की कोशिश की थी। मौके पर पुलिस को लाल और काले रंग की हिल्ट ड्रिल मशीन बिट सहित बरामद हुई। बैंक के सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर एक व्यक्ति नीली पैंट, ग्रे जैकेट और लाल कपड़े से चेहरा ढके हुए दिखाई दिया। वह बैंक के पीछे वाले शटर से अंदर घुसकर दीवार तोड़ने की कोशिश कर रहा था। सूचना पर सेक्टर-25 पुलिस चौकी इंचार्ज विकास और सिपाही संदीप कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे। संवाद