{"_id":"64d8e0c1748dd9470e04b8b4","slug":"four-properties-of-former-deputy-director-of-food-department-singla-seized-pkl-office-news-c-16-1-pkl1037-213754-2023-08-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"Punjab: खाद्य विभाग के पूर्व उपनिदेशक राकेश सिंगला की चार संपत्तियां जब्त, आय से 70.92 फीसदी ज्यादा किया खर्च","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Punjab: खाद्य विभाग के पूर्व उपनिदेशक राकेश सिंगला की चार संपत्तियां जब्त, आय से 70.92 फीसदी ज्यादा किया खर्च
Sun, 13 Aug 2023 07:25 PM IST
चंडीगढ़ ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: चंडीगढ़ ब्यूरो
Updated Sun, 13 Aug 2023 07:25 PM IST
सार
विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि राकेश सिंगला ने विभाग में अपनी तैनाती के दौरान और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की केंद्रीय विजिलेंस समिति (सीवीसी) के चेयरमैन के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान कई संपत्तियां खरीदी थीं।
विज्ञापन
खाद्य विभाग के पूर्व उपनिदेशक राकेश सिंगला
- फोटो : फाइल
विस्तार
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के पूर्व उपनिदेशक राकेश कुमार सिंगला और उसकी पत्नी रचना सिंगला की लुधियाना स्थित चार संपत्तियां जब्त कर ली हैं। यह कार्रवाई डॉ. अजीत अत्री स्पेशल जज लुधियाना की अदालत द्वारा 8 अगस्त को जारी ‘अंतरिम अटैचमेंट’ ऑर्डर के तहत की गई है।
विज्ञापन
गौरतलब है कि पूर्व कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु, उनके नजदीकी राकेश कुमार सिंगला और अन्यों के विरुद्ध साल 2020-21 में विभिन्न ठेकेदारों को लेबर, ढुलाई के टेंडरों की गैरकानूनी अलॉटमेंट के संबंध में थाना विजिलेंस ब्यूरो लुधियाना रेंज में 16 अगस्त 2022 को एफआईआर नंबर 11 के तहत दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपी राकेश कुमार सिंगला को 3 दिसंबर 2022 को पीओ (भगोड़ा) घोषित किया गया था और उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया है।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें: Punjab: उत्तराखंड सीएम के पूर्व पीएस समेत छह के खिलाफ धोखाधड़ी का केस, टेंडर दिलाने के नाम पर ठगे तीन करोड़
विज्ञापन
विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि राकेश सिंगला ने विभाग में अपनी तैनाती के दौरान और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की केंद्रीय विजिलेंस समिति (सीवीसी) के चेयरमैन के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान कई संपत्तियां खरीदी थीं। विजिलेंस को जांच के दौरान पता लगा कि राकेश सिंगला ने आबादी गुरु अमरदास नगर लुधियाना में एक प्लॉट (298/66 वर्ग गज), भाई रणधीर सिंह नगर लुधियाना में 150-150 वर्ग गज के दो प्लॉट, राजगुरु नगर लुधियाना में एक मकान नंबर 164-ए (क्षेत्र 300 वर्ग गज) और एक फ्लैट (क्षेत्र 193.60 वर्ग गज) नंबर 304 श्रेणी-ए दूसरी मंजिल आरसीएस पंजाब सहकारी सभा गजटेड अफसर सेक्टर 48-ए चंडीगढ़ में खरीदा था। ये सभी पांच संपत्तियां उसने 1 अप्रैल 2011 से 31 जुलाई, 2022 के दौरान अपनी पत्नी रचना सिंगला के नाम पर खरीदी थीं। इनमें से लुधियाना स्थित चार संपत्तियां जब्त की गई हैं।
इस संबंध में भी राकेश सिंगला और उसकी पत्नी रचना सिंगला दोनों के खिलाफ 19 अप्रैल 2023 को थाना विजिलेंस ब्यूरो लुधियाना में आमदन से अधिक जायदाद बनाने संबंधी अलग आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। दोनों पति-पत्नी इस मामले में भगोड़े हैं।
उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल, 2011 से 31 जुलाई, 2022 तक जांच के दौरान राकेश सिंगला और उसकी पत्नी रचना सिंगला की आमदन 25968952 रुपये थी, जबकि उनके द्वारा 44387182 रुपये खर्च किए गए, जोकि उनकी आमदन के स्पष्ट स्रोतों की अपेक्षा 70.92 प्रतिशत (1,84,18,230 रुपये) अधिक है।
विजिलेंस ब्यूरो ने छह और संपत्तियों का लगाया पता
विजिलेंस के प्रवक्ता ने बताया कि इस मामले की जांच के दौरान विजिलेंस ब्यूरो को राकेश सिंगला द्वारा अपनी पत्नी रचना सिंगला और पुत्र स्वराज सिंगला के नाम पर खरीदी छह और संपत्तियों का भी पता लगा है। इनमें से पांच संपत्तियां- वसीका 1179/30 जून 2021 (क्षेत्र 95.51 वर्ग गज), वसीका 1180/30 जून 2021 (क्षेत्र 98.47 वर्ग गज), वसीका 1181/30 जून 2021 (क्षेत्र 121.51 वर्ग गज), वसीका 1182/30 जून 2021 (क्षेत्र 98.47 वर्ग गज), वसीका 1183/30 जून 2021 (क्षेत्र 98.51 वर्ग गज) लुधियाना जिले में सेलिब्रेशन बाजार, जीटी रोड खन्ना में स्थित हैं।
इसके अलावा 2 मई, 2013 को न्यू चंडीगढ़ में रचना सिंगला के नाम पर 79.04 वर्ग मीटर का एक एससीओ खरीदा गया। सिंगला को इन सभी छह संपत्तियों से प्रति माह तकरीबन 2 लाख रुपये किराया आ रहा है। कानूनी कार्रवाई कर बाकी सात संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।