चंडीगढ़। पंजाब लघु उद्योग एंड निर्यात निगम के प्रबंधन ने निगम स्टाफ एसोसिएशन के पदाधिकारियों के तबादले चंडीगढ़ मुख्यालय से अन्य स्थानों पर किए जाने का विरोध जताया है। स्टाफ एसोसिएशन ने शनिवार को उद्योग भवन सेक्टर-17 में प्रेस कान्फ्रेंस बुलाकर राज्य सरकार की ओर से तबादले रद्द न किए जाने की स्थिति में विशाल रोष रैली करने की घोषणा की है। प्रेस कान्फ्रेंस को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के वाइस चेयरमैन जोगिंद्र राणा, उपाध्यक्ष हरकेश राणा, महासचिव तारा सिंह और संयुक्त सचिव बलवंत सिंह, अमृतपाल सिंह, अजय कुमार सर्वन सिंह, घणश्याम ने बताया कि एसोसिएशन कर्मचारियों की जायज मांगों पर समय-समय पर संघर्ष करता रहा है।
उन्होंने बताया कि 2 अगस्त को निगम के प्रबंध निदेशक की ओर से एसोसिएशन के कई पदाधिकारियों का तबादला लुधियाना, पटियाला, बठिंडा, जालंधर, अमृतसर, बटाला आदि शहरों में करने के आदेश जारी किए गए हैं। एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि प्रबंध निदेशक ने कर्मचारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों के तबादले कर सीधे तौर पर एसोसिएशन को खत्म करने की साजिश रची है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से मांग की कि पंजाब लघु उद्योग एवं निर्यात निगम के प्रबंधन की ओर से एसोसिएशन के पदाधिकारियों के किए गए तबादले तुरंत रद्द करवाए जाएं। साथ ही एसोसिएशन ने चेतावनी भी दी कि अगर तबादले रद्द नहीं हुए तो 17 अगस्त को सहयोगी कर्मचारी यूनियनों के साथ मिलकर सेक्टर-17 में एक विशाल रोष रैली करते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया जाएगा।