चंडीगढ़। ऑपरेशन सेल ने सेक्टर- 28 के सुखना पंप को लूटनेे की योजना बना रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ सेक्टर- 26 थाने में केस दर्ज हुआ है। पुलिस आरोपियों को सोमवार को जिला अदालत में पेश करेगी। पुलिस आरोपियों का रिमांड हासिल करने के लिए अदालत से मांग करेगी।
आरोपी की पहचान पंचकूला के भुवनेश्वर पासवान, हल्लोमाजरा के राजन सिंह उर्फ हुक्का, हल्लीमाजरा निवासी सुनील कुमार, हल्लोमाजरा निवासी रोशन कुमार, और हल्लोमाजरा निवासी शिवम कुमार के रूप में हुई है। राजन सिंह उर्फ हुक्का, सुनील कुमार और रोशन कुमार मूलरूप से बिहार के रहने वाले हैं जबकि आरोपी भुनेश्वर पासवान बरवाला के गांव बटोर और भुवनेश्वर पासवान दिल्ली के वजीराबाद का रहने वाला है। ऑपरेशन सेल के प्रभारी अमनजोत सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग सेक्टर- 28 सुखना पंप को लूटने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद अमनजोत के नेतृत्व में पुलिस ने सेक्टर- 28 में रेड की और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने देसी कट्टा, गोलियां, चाकू और अन्य हथियार बरामद हुए हैं। साथ ही लोगों से लूटे हुए कई मोबाइल भी बरामद कर लिए। आरोपियों ने पूछताछ में बताया की उन्होंने कई वारदातों को अंजाम दिया है। वह चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से गांव की तरफ जाने वाले लोगों से लूट करते थे। पुलिस ने उनसे कई मोबाइल और लूट के मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों को समय रहते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है की उन्होंने कहां कहां वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपी चाकू और देसी कट्टे के नोक पर कई लोगों से लूट कर चुके हैं।