चंडीगढ़। कनाडा में बेटे का स्टडी वीजा लगवाने के नाम पर छह लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि सेक्टर-42 स्थित आई-अबरॉड एजुकेशन इमिग्रेशन की निदेशक पूजा महाजन समेत अन्य लोगों ने वीजा लगवाने के नाम पर ठगी की है। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने पूजा महाजन समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में मोहाली के एसएएस नगर निवासी गुरचरण सिंह ने बताया कि उन्होंने विज्ञापन देखा कि चंडीगढ़ के सेक्टर-42 स्थित आई-अबरॉड एजुकेशन इमिग्रेशन ने इच्छुक छात्रों को कनाडा में वीजा लगवाकर पढ़ाई करने के लिए भेजती है। आरोप है कि 29 सितंबर को वह उक्त कंपनी के मालिक से मिले। उन्होंने अपने बेटे मलकीत सिंह का कनाडा में स्टडी वीजा लगवाने के लिए छह लाख रुपये की मांग की। 9 अक्तूबर को साढ़े 4 लाख उनके बैंक खाते में जमा कर दिया। इसके बाद 50 हजार, 25 हजार 270 रुपये, 23 हजार, 6670 रुपये और फिर 14 हजार 35 रुपये जमा करवा लिया। इसके बाद कहा कि वह उनके बेटे को कनाडा भेज देंगे और अगर किन्हीं कारणों से वीजा नहीं लगा तो पैसा वापस कर दिया जाएगा। इसके बाद से उक्त कंपनी में कई बार चक्कर काटा, लेकिन वह न तो वीजा लगवा रहे हैं और न ही रुपये वापस लौटा रहे हैं। इतना ही नहीं, कंपनी की निदेशक पूजा धमकियां दे रही है। इससे परेशान होकर शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है।