पंजाब: कोरोना से कुछ राहत मिली, अब ब्लैक फंगस ने बढ़ाई चिंता, नौ जिलों में बिगड़ रहे हालात
इस बीमारी में लिपोसोमल एम्फोटेरिसिन-बी इंजेक्शन बेहद कारगर बताया जा रहा है। इसका भंडारण सरकार के पास काफी कम है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना संक्रमण से राहत की उम्मीद के बीच अब ब्लैक फंगस से पंजाब सरकार की चिंता बढ़ा दी है। इस गंभीर बीमारी से रविवार को सूबे में तीन और मरीजों ने दम तोड़ दिया। 9 जिलों में स्थिति ज्यादा खराब है। अब तक मिले मरीजों में से 70 प्रतिशत यहीं पर पाए गए हैं। बाकी 13 जिलों में केस ज्यादा नहीं आ रहे हैं। ब्लैक फंगस के कारण सूबे में 35 मरीजों की जान जा चुकी है। इनमें से 25 मौतें भी 9 जिलों में ही हुई हैं। मरीजों की संख्या और मौतों के मामले में लुधियाना सबसे आगे है। यहां 36 केस सामने आ चुके हैं और 6 मरीज जान गंवा चुके हैं।
पंजाब में ब्लैक फंगस के अब तक 260 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 225 मरीज पंजाब और 35 दूसरे राज्यों के हैं। लुधियाना, अमृतसर, बठिंडा, फाजिल्का, गुरदासपुर, जालंधर, कपूरथला, पटियाला और श्रीमुक्तसर साहिब में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। इन 9 जिलों में अब तक 166 मरीज सामने आ चुके हैं। बाकी अमृतसर, जालंधर, गुरदासपुर, संगरूर में हर रोज औसतन 2-3 केस आ रहे हैं। सरकार ने भी ब्लैक फंगस से निपटने के लिए चिकित्सकीय समिति का गठन किया है।
वैकल्पिक दवाओं पर जोर
इस बीमारी में लिपोसोमल एम्फोटेरिसिन-बी इंजेक्शन बेहद कारगर बताया जा रहा है। इसका भंडारण सरकार के पास काफी कम है। ऐसे में सरकार ने भी वैकल्पिक दवाओं के स्टॉक को बढ़ाने पर जोर दिया है। विशेषज्ञ चिकित्सकीय समूह ने भी सरकार को इसकी सलाह दी है।
कोरोना : 2627 नए संक्रमित, 127 की मौत
पंजाब में रविवार को 2627 नए कोरोना संक्रमित मिले और 127 की मौत हो गई। अमृतसर 19, बरनाला 2, बठिंडा 13, फरीदकोट 5, फाजिल्का 3, फिरोजपुर 1, गुरदासपुर 10, होशियारपुर 6, जालंधर 4, कपूरथला 2, लुधियाना 12, मानसा 6, मोगा 3, मोहाली 7, मुक्तसर 6, पठानकोट 3, पटियाला 6, रोपड़ 5, संगरूर 9, एसबीएस नगर 3 और तरनतारन में 2 मरीजों ने दम तोड़ा।
राजिंदरा में ब्लैक फंगस के 3 नए केस, 11 कोरोना संक्रमितों की मौत
पटियाला। राजिंदरा सरकारी अस्पताल में रविवार को ब्लैक फंगस के तीन केस आए। इस गंभीर बीमारी के राजिंदरा में अब तक 22 मरीज आ चुके हैं, जिनमें से सात की मौत हो चुकी है। अभी 11 का इलाज चल रहा है। चार को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया जा चुका है। राजिंदरा अस्पताल में बीते 24 घंटे में 11 कोरोना संक्रमितों ने भी दम तोड़ा। वहीं, प्राइवेट अस्पताल व नर्सिंग होम्स में ब्लैक फंगस के अब तक 12 केस आए हैं। इनमें से सात का इलाज चल रहा है और बाकी को रेफर किया गया है।