पंचकूला। सेक्टर-1 स्थित लघु सचिवालय में मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता उपायुक्त महावीर कौशिक ने की। बैठक में उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना मुख्यमंत्री मनोहर लाल का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसकी मुख्यमंत्री स्वयं समीक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य अति गरीब परिवार, जिनकी सालाना आय एक लाख रुपये से कम है, उसे बढ़ाकर कम से कम 1 लाख 80 हजार रुपये करना है। उन्होंने बैंकों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि वे इस योजना के तहत प्राप्त ऋण आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही कर जरूरतमंद लोगों को ऋण उपलब्ध करवाएं ताकि वे अपना रोजगार शुरू कर स्वावलंबी बनें और अपनी आय को बढ़ा सके। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त आयुष सिन्हा, नगराधीश गौरव चौहान, जिला योजना अधिकारी देवेंद्र सांगवान, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी मार्टिना महाजन, डिप्टी डीईओ महा सिंह, जिला राजस्व अधिकारी नरेश जोवल, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता गौरव जैन, एलडीएम ब्रजेश सिंह, जिला बागबानी अधिकारी अशोक कौशिक, जिला रोजगार अधिकारी ममता बूरा, जिला रेडक्रास सचिव सविता अग्रवाल, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी सृष्टि शर्मा व अन्य विभागों के संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।