{"_id":"68bddb4f217de4ecfe001e4d","slug":"25-trucks-carrying-relief-material-left-for-flood-affected-punjab-and-himachal-panchkula-news-c-87-1-pan1001-126626-2025-09-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"Panchkula News: बाढ़ प्रभावित पंजाब व हिमाचल के लिए सहायता सामग्री के 25 ट्रक रवाना","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Panchkula News: बाढ़ प्रभावित पंजाब व हिमाचल के लिए सहायता सामग्री के 25 ट्रक रवाना
विज्ञापन
विज्ञापन
पंचकूला। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय (पंचकमल) से बाढ़ प्रभावित पंजाब व हिमाचल प्रदेश के लिए सहायता सामग्री के 25 ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें 15 ट्रक पंजाब के लिए और 10 ट्रक हिमाचल प्रदेश के लिए शामिल है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने श्री माता मनसा देवी मंदिर में पूजा अर्चना की और महामाई का आशीर्वाद लिया।
पंचकमल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन ट्रकों के माध्यम से पंजाब व हिमाचल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को रोजमर्रा की जरूरी चीजें पहुंचाई जा रही हैं ताकि आपदा के इस समय में उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत ना हो। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्य पंजाब के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में भी प्राकृतिक आपदा से काफी नुकसान हुआ है। कई जगह गांव के गांव प्रभावित हुए है और लोगों के साथ साथ पशु धन भी इसकी चपेट में आया है। ऐसी स्थिति में लोगों की मदद करना हमारा दायित्व बनता है।
विज्ञापन
हिमाचल के निचले इलाके में जलभराव
हरियाणा के संबंध में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निचले इलाकों में जलभराव हुआ है। जलभराव से ग्रस्त क्षेत्रों में तुरंत राहत के लिए प्राथमिकताएं तय की है और राहत कार्य निरंतर चल रहा है। लोगों की कठिनाई को कम करने के लिए ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला हुआ है। इसका उद्देश्य आम जनता द्वारा अपने नुकसान व क्षति के लिए आवेदन जमा करने की प्रक्रिया को आसान बनाना है। उन्होंने कहा कि अब तक क्षतिपूर्ति पोर्टल पर 1 लाख 69 हजार 738 किसानों ने 9 लाख 96 हजार 701 एकड़ क्षेत्र का पंजीकरण करवाया है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री असीम गोयल, मेयर कुलभूषण गोयल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, जिलाध्यक्ष अजय मितल सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
विज्ञापन