पंचकूला। प्रदेश भर में वोकेशनल विषयों के विद्यार्थियों के लिए 5 जुलाई से रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में अंबाला जोन के वोकेशनल विद्यार्थियों का रोजगार मेला 10 जुलाई को लगेगा। इस रोजगार मेले में अंबाला के अतिरिक्त पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र के राजकीय विद्यालयों के छात्र शामिल होंगे। एनएसक्यूएफ की कोआर्डिनेटर ऊषा शर्मा ने बताया कि रोजगार मेला वोकेशनल विषयों में 12वीं पास विद्यार्थियों के लिए लगाया जा रहा है। प्रदेशभर के 1051 विद्यालयों में वोकेशनल विषय सफलता पूर्वक 2012 से पढ़ाये जा रहे हैं। रोजगार मेलों में प्रदेश के 490 राजकीय विद्यालयों के 3690 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। 10 जुलाई को अंबाला जोन का रोजगार मेला दो स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पुलिस लाइन अंबाला में क्रमश: आईटी, रिटेल, मीडिया एंटरटेनमेंट, एनीमेशन, एग्रीकल्चर व ऑटो मोबाइल विषयों का एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बलदेव नगर में सिक्योरिटी, फिजिकल एजूकेशन एंड स्पोर्ट्स, ब्यूटी एंड वेलनेस, पेशेंट केयर व ट्रैवल एंड टूरिज्म विषयों का रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। एनएसक्यूएफ द्वारा प्लेसमेंट का यह छठा बैच है। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में आने वाले विद्यार्थी अपना बायोडाटा व 5 पासपोर्ट साइज की फोटो अवश्य लेकर आएं। इस मेले का मकसद विद्यार्थियों के लिए रोजगार सृजन करना है।