हथीन। समीपवर्ती गांव गहलब में ससुरालजनों द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने से परेशान होकर एक गर्भवती महिला ने फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। इस संदर्भ में मृतका के पिता ने बहीन थाना में शिकायत देकर पति सहित 4 लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार होडल के सतुआगढी निवासी जवाहर सिंह की पुत्री कीर्ति की शादी 13 दिसंबर 2018 को गहलब निवासी सुरेन्द्र के पुत्र रविन्द्र के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही कीर्र्ति को कम दहेज लाने का ताना और गाड़ी की मांग कर ससुराल वाले परेशान करते रहे हैं। लेकिन उसके पिता गाड़ी की मांग को पूरा नहीं कर पाए। जिसके चलते कीर्ति को ससुराल में उसका पति, देवर व सास एवं ससुर प्रताड़ित करते रहे। इसी प्रताड़ना से तंग आकर 4-5 माह की गर्भवती कीर्ति ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। परिजनों के मुताबिक सुरेन्द्र खेतों में मकान बनाकर रहता है और वहां उसने टीन शेड भी डाला हुआ है। टीन शेड में कीर्ति का शव लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जांच अधिकारी कुलदीप ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव मृतका के मायके वालों को सौंप दिया है। इस संदर्भ में मृतका के पिता जवाहर सिंह की शिकायत पर उसके पति रविन्द्र, देवर प्रमोद, ससुर सुरेन्द्र और सास मोजन निवासी गहलब के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।