पलवल। शहर स्थित एक निजी स्कूल में 12वीं के छात्र ने मंगलवार को दूसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। छत से कूदने पर छात्र की टांग टूट गई। स्कूल प्रबंधन ने घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। स्कूल संचालक ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने छात्र के बयान दर्ज किए। छात्र ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी ही कक्षा के दो-तीन छात्रों से तंग आकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था। उसने छत से कूदने से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखा था, उसे पुलिस ने छात्र की जेब से बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, छात्र गौतम रोजाना की तरह मंगलवार को भी स्कूल आया था। करीब एक घंटे बाद वह दूसरी मंजिल से नीचे कूद गया, जिससे उसे काफी चोटें आईं। गौतम के कूदने की सूचना मिलते ही स्कूल में शोर मच गया। स्कूल के चेयरमैन सुरेश भारद्वाज तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती करवाया। इसके बाद छात्र के परिजनों व पुलिस को सूचना दी। डॉक्टरों ने बताया कि उसकी एक टांग टूट गई है। भवनकुंड पुलिस चौकी प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि छात्र ने स्कूल की दूसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया है। सूचना मिलते ही वे मौके पर आ गए। उन्होंने बताया कि गौतम ने अपनी कक्षा के ही कुछ छात्रों द्वारा तंग करने से परेशान होकर आत्महत्या का प्रयास किया था। उसके पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। उसमें साथी छात्रों पर तंग करने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। विरोध करने पर मारपीट का भी आरोप है। पुलिस अधिकारी विनोद कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।