स्कूल अपग्रेड की मांग को लेकर छात्राओं ने स्कूल गेट पर जड़ा ताला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रेवाड़ी में छात्राओं की मांग के आगे सरकार के झुकने और वहां के स्कूल को अपग्रेड करने की घोषणा के बाद अब हरियाणा के अन्य जिलों में भी छात्राओं ने जोश दिखाना शुरू कर दिया है। अन्य जिलों में भी छात्राएं स्कूलों को अपग्रेड करने की मांग करने लगी हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को पलवल के गांव सैलोटी में राजकीय उच्च विद्यालय को अपग्रेड कराने की मांग को लेकर स्कूली छात्राओं ने स्कूल के गेट पर ताला जड़ दिया। इतना ही नहीं छात्राओं ने गेट पर धरना प्रदर्शन भी शुरू कर दिया और सरकार व शिक्षा विभाग के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। धरने पर बैठी छह छात्राएं गर्मी व भूख-प्यास से बेहोश होकर गिर पड़ीं। इसे देखते हुए ग्रामीणों को चिकित्सक बुलाने पड़े। उसके बावजूद भी छात्राएं अपनी मांग पर अड़ी रहीं।
गांव सैलोटी में स्थित राजकीय उच्च विद्यालय 10वीं कक्षा तक है। 10वीं कक्षा पास करने के बाद छात्र-छात्राओं को बाहर जाकर पढ़ाई करनी पड़ती है। इसके लिए उन्हें बहुत सारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्कूल के गेट पर प्रदर्शन कर रहीं छात्रा अमीशा, प्रीति, मौसम, सपना व राखी ने बताया कि वह दूर के स्कूल में पढ़ने के लिए नहीं जाएंगी, क्योंकि रास्ते में उन्हें मनचलों का सामना करना पड़ता है। छात्राओं ने कहा कि गांव के स्कूल को ही अपग्रेड कराकर दम लेंगी। उन्होंने कहा कि उनके गांव से दूसरे स्कूलों में आने-जाने के लिए साधनों का भी अभाव है। इस कारण उन्हें काफी दिक्कत होती है। कई बार लड़कियों को अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ती है। छात्राओं का कहना था कि रास्ते में उन्हें असामाजिक तत्वों की फब्तियां, छेड़खानी और अन्य लड़ाई झगड़ों का सामना करना पड़ता है। वह कई बार सरपंच के माध्यम से स्कूल को अपग्रेड कराने की मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होने से अब आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
इस धरने के दौरान कक्षा नवीं की छात्रा आरती, राखी, निशा, आठवीं की छात्रा कोमल, मुस्कान व अंजलि बेहोश हो गईं। इन छात्राओं का निजी डाक्टरों से उपचार कराया गया। ग्रामीणों का आरोप था कि सूचना देने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कोई नहीं आया। छात्राओं द्वारा स्कूल के गेट पर ताला लगाने व धरना देने की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानीं। बाद में शिक्षा विभाग की तरफ से खंड शिक्षा अधिकारी सुखबीर सिंह मौके पर पहुंचे तथा छात्राओं व ग्रामीणों को समझाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी इस मांग को जल्द ही विभाग के अधिकारियों तक पहुंचा दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्कूल अपग्रेड कराने को लेकर वह पहले भी उच्च विभाग को लिख चुके हैं। लेकिन नॉर्म्स पूरे नहीं होने के कारण स्कूल अपग्रेड नहीं हुआ। उनके अनुसार नॉर्म्स में सबसे पहले नवीं व 10वीं कक्षा में कम से कम 150 विद्यार्थी होने चाहिए। अभी स्कूल में दोनों कक्षाओं में 109 विद्यार्थी हैं। इसके बाद ही छात्राओं ने उनकी बात मानी।