पलवल। जिला स्तर पर मनाए जाने वाले गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके तहत मंगलवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस खेल स्टेडियम में स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थियों ने डंबल लेजियम, पीटी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों व परेड का पूर्वाभ्यास किया। जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त नरेश नरवाल ध्वजारोहण करेंगे व परेड की सलामी लेंगे। इसी प्रकार उपमंडल स्तर पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में संबंधित उपमंडल के एसडीएम ध्वजारोहण करेंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास करने वालों में सरस्वती महिला महाविद्यालय, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैंप, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शहर, बी.के. वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, दीप शिखा पब्लिक स्कूल औरंगाबाद व सेंट.सी.आर. कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थी शामिल रहे। गणतंत्र दिवस समारोह की फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल 24 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र स्टेडियम में होनी है। इस अवसर पर आरोही मॉडल स्कूल गदपुरी से संगीत प्रवक्ता मोनिका, सहायक मौलिक शिक्षा अधिकारी जसवीर तेवतिया, डी.पी. राजवीर सिंह सहित चयनित विद्यालयों व महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।