पलवल। बड़ौली महिला कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं को अब सवारी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। हरियाणा रोडवेज की ओर से छात्राओं को कॉलेज ले जाने और आने के लिए स्पेशल पिंक बस सेवा शुरू की गई है। बस छात्राओं को उनके गांव से लेकर कॉलेज पहुंचाएगी और कॉलेज खत्म होने के बाद वापस गांव छोड़ेगी। गांव बड़ौली निवासी शहीद राजवीर सिंह की धर्मपत्नी बिमला देवी ने सोमवार को हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया।
दरअसल, आदर्श ग्राम समिति बड़ौली पिछले लंबे समय से छात्राओं के लिए बस सेवा शुरू करने की मांग कर रही थी। समिति के अध्यक्ष हरित बैंसला ने बताया कि पलवल-हसनपुर रोड से कॉलेज की दूरी करीब एक किलोमीटर है। इस मार्ग पर इक्का-दुक्का बसें ही चलती हैं। निजी वाहनों से जाने-आने में छात्राओं को परेशानी होती थी। छात्राओं की समस्या को देखते हुए विधायक दीपक मंगला से बस चलवाने की मांग की गई थी, जिसे उन्होंने पूरा करवाया है। कॉलेज प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि छात्राओं के लिए बस सेवा पूरी तरह से निशुल्क होगी। छात्राओं के पास बनाए जाएंगे, जिससे उन्हें कोई परेशानी न हो। बस सुबह 8: 30 बजे पलवल बस स्टैंड से चलेगी, जो गांव किठवाड़ी, ताराका, होशंगाबाद, रसूलपुर और बड़ौली होते हुए कॉलेज पहुंचेगी। इसके बाद करीब 9: 30 बजे बस लालगढ़, टीकरी, सुल्तानपुर, खटका, बाड़का, अच्छेजा, कुशक, टप्पा, बिल्लौचपुर, काशीपुर, सुतआगढ़ी और हसनपुर से छात्राओं को कॉलेज पहुंचाएगी। कार्यक्रम में दिनेश सरपंच लालगढ़, यशपाल सरपंच कमरावली, रोहित सरपंच नंदावाला, रणपाल, किरण पाल सरपंच सुल्तानपुर, ज्ञानेंद्र सरपंच रहीमपुर, करतार बैंसला, ऊधम बैंसला आदि मौजूद रहे।