पलवल। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की जिला कमेटी द्वारा राष्ट्रव्यापी हड़ताल की तैयारियों के संबंध में रविवार को बैठक हुई। इसमें हरियाणा रोडवेज, बिजली, पब्लिक हेल्थ, सिंचाई, पीडब्ल्यूडी, बीएंडआर, नगर परिषद, तहसील, उपायुक्त कार्यालय, बाल भवन, पंचायती राज, वन विभाग, पशुपालन विभाग, हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ, मिनिस्ट्रीयल स्टाफ एसोसिएशन, कृषि विभाग, आईटीआई, पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन, बैंक, बीमा, पोस्ट आफिस, टूरिज्म आदि विभाग के कर्मचारियों को सोमवार को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर आम हड़ताल में भाग लेने की अपील की गई।
जिला प्रधान राजेश शर्मा ने कहा कि किसान मोर्चा, छात्र, मजदूर, महिला, श्रमिक, युवाओं द्वारा राष्ट्रव्यापी हड़ताल का पूर्णरूप से समर्थन किया जाएगा। हरियाणा सरकार द्वारा पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया जाए, एनपीएस को पूर्ण रुप से बंद किया जाए, कच्चे कर्मचारी बिना शर्त पक्के किए जाएं, तमाम सरकारी विभागों में कई-कई महीने से कच्चे कर्मचारियों का बकाया वेतन पड़ा है। बिना शर्त समय पर पूरा वेतन का लाभ दिया जाए तथा डीजल-पेट्रोल एवं गैस के बढ़ते दामों पर रोक लगाई जाए। सरकारी विभागों में किलोमीटर स्कीम पर लिए गए वाहनों में विभागों को भारी हानि का सामना करना पड़ रहा है। सरकारी वाहनों की संख्या के अनुसार कर्मचारियों की समय पर भर्ती भी नहीं की जा रही है। यूनियन मांग करती है कि विभाग में सरकारी वाहनों की खरीदारी का काम किया जाए एवं कर्मचारियों की पक्की भर्ती की जाए। कच्चे कर्मचारियों को विभागीय पैरोल के आधार पर समान काम-समान वेतन का लाभ दिया जाए। सुरक्षा उपकरण के तौर पर प्रत्येक कर्मचारी को पांच जोखिम भत्ता दिए जाएं। सुरक्षा उपकरण समय पर उपलब्ध करवाए जाएं। सफाई कर्मचारियों को समय अनुसार मास्क, सैनिटाइजर एवं वर्दी का लाभ दिया जाए। पंचायती पंप ऑपरेटरों का 18 महीने का बकाया वेतन दिया जाए। बैठक को जिला सचिव योगेश शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष देवी सिंह सेजवाल, जितेंद्र तेवतिया, राजकुमार डागर, हरकेश सौरोत, विपिन शर्मा, भूदेव शर्मा, चरण सिंह डागर, बालकिशन शर्मा ने भी संबोधित किया।