संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ और मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज, पल्ला की व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर नूंह विधायक चौधरी आफताब अहमद ने बुधवार को चंडीगढ़ में संबंधित विभागों के अधिकारियों को मांग पत्र सौंपकर जल्द समाधान की मांग की। मेडिकल कॉलेज के मुद्दे पर विधायक ने चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के आयुक्त एवं सचिव सीजी रजनीकांतन तथा निदेशक एवं विशेष सचिव धीरेंद्र खड़गटा से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य जरूरी पदों को भरने, दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पुरानी मशीनों को बदलकर आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने की मांग रखी। रेडियोलॉजिस्ट की कमी के कारण अल्ट्रासाउंड जैसी जांच में मरीजों को हो रही परेशानी का मुद्दा भी उठाया। साथ ही क्रिटिकल केयर यूनिट शुरू कराने और विशेषज्ञ सेवाओं का विस्तार करने की मांग की। विधायक ने कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी और कैंसर जैसी विशेषज्ञ सेवाएं शुरू करने तथा मेडिकल कॉलेज के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया। मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज पल्ला को लेकर विधायक ने अतिरिक्त मुख्य सचिव, गृह विभाग सुधीर राजपाल से मुलाकात की। उन्होंने कर्मचारियों को समय पर वेतन देने, वर्ष 2018 से लंबित डीए का एरियर सहित भुगतान करने और पर्याप्त शिक्षक नियुक्त करने की मांग की।