बढ़ती महंगाई को लेकर सोमवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन कर जमकर सरकार विरोधी नारेबाजी कर प्रदेश के मुख्यमंत्री का पुतला फूंक कर रोष व्यक्त किया। लघु सचिवालय में तहसीलदार नवजीत कौर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। युवा कांग्रेस के जोन प्रभारी शांतनु चौहान ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण लगातार महंगाई बढ़ती जा रही है। आज पेट्रोल, डीजल व गैस के दाम सारे रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। वहीं हर वस्तु की कीमत लगातार बढ़ती जा रही है। आम आदमी का जीवन दूभर हो गया है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अगर सरकार ने समय रहते महंगाई पर अंकुश नहीं लगाया तो युवा कांग्रेस देशभर में आंदोलन चलाएगी।
कांग्रेस विधायक राव दान सिंह के भतीजे अरुण राव ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों के कारण आज हर वर्ग के लोग दुखी व परेशान हैं। किसान, मजदूर, युवा व महिलाएं सभी इस सरकार को कोस रहे हैं। सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। युवा कांग्रेस के जिला प्रधान अमित यादव ने कहा कि आज युवा कांग्रेस की तरफ से यह प्रदर्शन किया गया है। इस सरकार ने सबसे ज्यादा युवाओं के साथ धोखा किया है। आज युवा वर्ग सरकार की जन विरोधी नीतियों के कारण बेरोजगारी की मार झेल रहा है। वहीं महंगाई ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है। इस मौके पर सूबेदार हरि सिंह, डॉ. जेपी यादव, रविंद्र मालड़ा, जितेंद्र चोटी, शशिकांत यादव माजरा, राहुल, बॉबी यादव, बंटी राजावास सहित सैकड़ों युवा उपस्थित रहे।

महंगाई के विरोध में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते युवा कांग्रेस कार्यकर्ता। संवाद- फोटो : Narnol