हादसा: ट्रक ने कार को मारी टक्कर, दो चचेरे भाइयों की मौत, एक सेना से छुट्टी लेकर आया था घर
राज सिंह भारतीय सेना में कार्यरत था। वर्तमान में उसकी तैनाती जयपुर में थी। कुछ दिन पहले वह छुट्टी लेकर घर आया था। वहीं कुलदीप गुरुग्राम में किसी निजी कंपनी में काम करता था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महेंद्रगढ़ में स्टेट हाई-वे पर नांगल सिरोही के पास ट्रक (मिक्सचर मशीन) ने एक कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान डेरोली अहीर निवासी राज सिंह और कुलदीप के रूप में हुई है। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया तथा ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार डेरोली अहीर निवासी राज सिंह (46) और उसका चचेरा भाई कुलदीप (45) कार से महेंद्रगढ़ किसी काम से आए थे। मंगलवार दोपहर लगभग ढाई बजे दोनों काम करने के बाद वापस अपने गांव डेरोली अहीर जा रहे थे। नांगल सिरोही गांव के पास सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक (मिक्सचर मशीन) चालक ने लापरवाही से चलाते हुए उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं चालक मौके का फायदा उठाकर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। हादसे में गाड़ी में सवार दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सामान्य अस्पताल महेंद्रगढ़ ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक राज सिंह के बेटे राहुल कुमार के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
राज सिंह भारतीय सेना में कार्यरत था। वर्तमान में उसकी तैनाती जयपुर में थी। कुछ दिन पहले वह छुट्टी लेकर घर आया था। उसके तीन बच्चे हैं। एक लड़की की शादी हो चुकी है। दो लड़के अविवाहित हैं। वहीं कुलदीप गुरुग्राम में किसी निजी कंपनी में काम करता था। लॉकडाउन लग जाने की वजह से वह अपने गांव आ गया था। उसके एक लड़की है जिसकी शादी हो चुकी है। उसका बेटा बीटेक कर रहा है।
नांगल सिरोही के पास सड़क हादसे में राज सिंह एवं कुलदीप की मौत हो गई है। ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है तथा शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिएं है। ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। -सतबीर सिंह, थाना प्रभारी, महेंद्रगढ़।