मारपीट कर मोबाइल और नकदी छीनने के मामले में शहर थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सचिन निवासी गांधी कॉलोनी नारनौल, रवि कुमार उर्फ कालू निवासी महरमपुर और अभिमन्यु उर्फ हबली निवासी मांदी के रूप में हुई है। पुलिस ने सचिन से कट्टा बरामद किया है। आरोपियों को रविवार को न्यायालय में पेश कर 1 दिन के रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मोहल्ला रावका निवासी ईश्वर ने शहर थाना नारनौल में शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह गुरुद्वारा के पास जा रहा था तो 4-5 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए युवकों ने ने उसके साथ मारपीट की और पैसे व मोबाइल छीनकर भाग गए। शिकायतकर्ता ने 6 नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शहर थाना पुलिस ने शनिवार रात में सचिन, रवि कुमार उर्फ कालू और अभिमन्यु उर्फ हबली को गिरफ्तार कर लिया। सचिन से कट्टा भी बरामद हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी अपराधी प्रवृत्ति के हैं, जिनके खिलाफ पहले भी मारपीट, हत्या के प्रयास और अन्य मामले दर्ज हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।