Haryana: हनीट्रैप में किसी ने जीवनभर की कमाई गंवाई तो किसी ने जान, ठगों का गिरोह सक्रिय; पढ़ें रिपोर्ट
कनीना क्षेत्र के एक व्यक्ति के पास 19 जून को एक युवती की वीडियो काॅल आई। जैसे ही फोन उठाया तो एक लड़की नग्न अवस्था में अश्लील हरकत करती दिखाई दी। फोन थोड़ी देर बाद कट गया। पीड़ित ने नींद में होने के कारण उस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया।
विस्तार
अगर आप अपनों से बातों को साझा नहीं कर रहे हैं तो मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। कभी कभी लोग मानसिक रूप से इतने परेशान हो जाते हैं कि आत्महत्या जैसे बड़े कदम भी उठाने को मजबूर हो जाते हैं। इन दिनों ऐसे गिरोह सक्रिय हैं जो लोगों से वीडियो पर चैट करते हैं और आपत्तिजनक वीडियो बना लेते हैं। इसके बाद उस व्यक्ति को ब्लैकमेल करते हैं।
कई बार पीड़ित पुलिस तक पहुंच कर अपनी समस्या को बता देता है, वहीं कुछ लोग समाज में बदनामी के डर से उत्पीड़न के शिकार होते रहते हैं। वह अपनी जीवनभर की कमाई डर के मारे आरोपियों के खाते में भेजते रहते हैं। अभी हाल ही में बलाहा कलां निवासी सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक के सेवानिवृत्त मैनेजर वीर सिंह के साथ भी ऐसा ही कुछ घटित हुआ। इसके साथ 4 साल तक ब्लैकमेल करने वालों ने जीवनभर की कमाई लूट ली।
इसके बाद भी ब्लैकमेल का सिलसिला जारी रहा। आखिरकार सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर का खेतों में शव मिला। इसके बाद बैंक मैनेजर के बेटे ने पिता की डायरी व अन्य सामान की जांच की तो एक सुसाइड नोट मिला। इसमें एक महिला द्वारा हनीट्रैप में फंसा लेने का जिक्र था। सुसाइड नोट में कुछ मोबाइल नंबर का भी जिक्र किया गया है। पुलिस ने एक अज्ञात सहित 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गिरोह अलग अलग नंबरों से करता था फोन
सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर के पास गिरोह अलग-अलग नंबरों से फोन करता था। वह अलग-अलग फोन पर व अकाउंट में पैसे डलवाते थे। इस गिरोह में और लोग भी शामिल होने का अंदेशा है।
वीडियो काॅल कर इन्हें भी किया गया ब्लैकमेल
केस एक
कनीना क्षेत्र के एक व्यक्ति के पास 19 जून को एक युवती की वीडियो काॅल आई। जैसे ही फोन उठाया तो एक लड़की नग्न अवस्था में अश्लील हरकत करती दिखाई दी। फोन थोड़ी देर बाद कट गया। पीड़ित ने नींद में होने के कारण उस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। 20 जून को एक फोन आया, जिसमें वीडियो वायरल न करने के नाम पर रुपये मांगने शुरू कर दिए। उसकी नग्न फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने का भय दिखाकर उससे 2,73,000 रुपये बैंक खाते में डलवा लिए। इसके बाद भी मांग बढ़ती गई तो पुलिस के पास गुहार लगाई।
केस नंबर 2
महेंद्रगढ़ क्षेत्र के एक व्यक्ति के पास 29 फरवरी को एक वीडियो काॅल आई। इसमें दूसरी तरफ से नग्न अवस्था में एक लड़की थी जो गलत हरकत करने लगी। इसके बाद उसने फोन काट दिया। 1 मार्च को एक फोन आया, जिसने उस वीडियो को वायरल न करने के लिए रुपये की मांग की। पीड़ित ने डर के मारे 2,52,500 रुपये उनके खाते में जमा करवा दिए। इसके बाद भी उससे रुपये की डिमांड करने लगे। इसके बाद पुलिस के पास गुहार लगाई।
अधिकारी के अनुसार
अगर हनीट्रैप जैसा मामला किसी के साथ भी होता है तो वह परिवार के सदस्यों के साथ बात जरूर साझा करे। इसके बाद भी मानसिक रूप से ज्यादा परेशान रहता है तो नजदीकी मनोचिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। अस्पताल में अब तक दो-तीन हनीट्रैप के मामले से परेशान व्यक्ति उपचार के लिए भी आ चुके हैं। -डॉ. अनिल यादव, मनोचिकित्सक, नागरिक अस्पताल नारनौल।