नारनौल। राज्यमंत्री ओमप्रकाश यादव ने मार्केट कमेटी कार्यालय में शनिवार दुर्घटनाग्रस्त किसानों को 17.50 लाख रुपये के चेक बांटे। इस दौरान उन्होंने अनाज मंडी में फसल बेचने आने वाले किसानों को 10 रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की योजना शुरू करने की घोषणा की। साथ ही नई अनाज मंडी में किसान भवन व रेस्ट हाउस का निर्माण करवाने की भी बात कही।
राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चलाई गई मुख्यमंत्री किसान एवं खेतीहार मजदूर जीवन सुरक्षा योजना के तहत कृषि कार्यों में कार्य करने वाले व्यक्ति का किसी कारण से हादसे में मृत्यु हो जाती है, तो उसके आश्रित को प्रदेश सरकार पांच लाख की आर्थिक सहायता देती है। जिन किसानों का कृषि कार्य करते समय में कोई शरीर का अंग क्षत-विक्षत हो जाता है तो उसको एक लाख 25 हजार की राशि का पैसा देती है। सरकार ने किसान हित के लिए कृषक उपहार योजना चलाई है। इस योजना के तहत किसानों को अपनी फसल की सरकारी व प्राइवेट खरीद पर 10 हजार की बिक्री होने पर एक कूपन दिया जाता है। इसके तहत सरकार द्वारा किसानों को कूपन ड्रा द्वारा इनाम दिए जाते हैं। इस योजना के तहत रबी की फसल में वर्ष 2019 में 73474 कूपन वितरित किए गए थे। खरीफ की फसल में लगभग 9800 कूपन वितरित किए थे। कूपन वितरण का कार्य अभी भी जारी है। जिले में चार ट्रैक्टर ट्राली सहित ईनाम दिया जाएगा। राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के लिए 10 रुपये प्रति किसान भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। किसान हित के लिए प्रदेश सरकार अनेक योजनाएं बनाकर लागू कर रही है। इस मौके पर जिन किसानों की अनाज मंडी के लिए जमीन अधिग्रहण हुई उन व्यक्तियों को भी मुआवजे के चेक बांटे। उन्होंने कहा कि जल्द ही नई अनाज मंडी में किसान भवन व रेस्ट हाउस का निर्माण होगा। जिससे किसानों को फायदा होगा। इस मौके पर मार्केट कमेटी के चेयरमैन जेपी सैनी, वाइस चेयरमैन रामजीलाल मित्तल, बजरंग लाल अग्रवाल, मदन गोगिया, रोहताश चेयरमैन के अलावा मार्केट कमेटी सचिव अशोक यादव, सब्जी मंडी प्रधान अजीत सैनी, हरिराम सैनी, प्रधान पुष्करमल, अशोक यादव, सुरेश चौधरी, बद्रीप्रसाद गर्ग सहित अनेक व्यापारी व किसान उपस्थित थे।