गांव खेराना में सरसों के खेत में पानी देते समय करंट लगने से किसान की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को शिकायत देकर बिजली विभाग पर ढीले तारों की शिकायत के बावजूद उसे ऊंचा नहीं करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक के बेटे संदीप के बयान पर कार्रवाई करते हुए शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस को दी शिकायत में गांव खेराना निवासी संदीप ने बताया कि उसके 52 वर्षीय पिता बाबूलाल खेत को माल बंटाई पर लिया हुआ है। बुधवार को करीब 8 बजे वह खेतों में फव्वारा लाइन बदल रहे तो तारों के ढीले होने के कारण पाइप उसमें छू गई, जिससे करंट लगने से उनकी मौत हो गई। उन्होंने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि खेत के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की लाइन गुजर रही है, जिसके तार बहुत ढीले हैं। बिजली निगम से उन तारों को ऊपर करने के लिए शिकायत दी है, लेकिन निगम ने उनकी बात नहीं सुनी। 20 दिन पहले भी तारों को ऊपर करने की शिकायत दी थी, लेकिन फिर से सुनवाई नहीं की गई।