हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ परिसर में आवागमन की सुविधा के लिए कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने पर्यावरण हितैषी ई-रिक्शा की शुरूआत की। विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों व आगंतुकों के एक स्थान से दूसरे स्थान पर आने-जाने के लिए पांच ई-रिक्शा उपलब्ध कराएं जाएंगे जिसकी शुरूआत की गई। कुलपति ने इस सुविधा की शुरूआत करते हुए कहा कि इस सुविधा माध्यम से विवि परिसर में एक भवन से दूसरे भवन आने-जाने में सुविधा होगी और बैटरी आधारित ई-रिक्शा इको फ्रैंडली होने से वाहनों से होने वाले प्रदूषण को भी कम करने में मदद मिलेगी।
विश्वविद्यालय कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय में आवागमन हेतु परिवहन के पर्यावरण हितैषी विकल्पों को विकसित करने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी प्रयास के अंतर्गत वीरवार से परिसर में ई-रिक्शा की सुविधा शुरू की गई है। इस सुविधा के अंतर्गत निर्धारित शुल्क देकर तय रूट पर सफर किया जा सकता है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शैक्षणिक अधिष्ठाता प्रो. दिनेश कुमार, प्रो. सुनीता श्रीवास्तव, परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजीव कौशिक, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. आनंद शर्मा, कुलानुशासक प्रो. प्रमोद कुमार, प्रो. रंजन अनेजा, प्रो. सुनील कुमार, डॉ. एपी शर्मा, डॉ. शांतेष कुमार सिंह, डॉ. दिनेश चहल, राधेश्याम, सुंदर लाल शर्मा सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।